नरोत्तम के मुख्यमंत्री पद के हसीन सपने और फेल होती कानून व्यवस्था



--विजया पाठक (एडिटर - जगत विजन),
भोपाल-मध्य प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● आखिर कब तक प्रदेश की बहु बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करेंगी?

प्रदेश की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े वायदे करने वाले शिवराज सरकार के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा कितने संवेदनशील है इस बात से प्रदेश की जनता पूरी तरह परिचित हो चुकी हैं। गृहमंत्री की लापरवाही और लचर कानून व्यवस्था के चलते प्रदेश में आए दिन बहु-बेटियों के साथ बलात्कार, छेड़छाड़ सहित मारपीट, आगजनी जैसी घिनौनी वारदाते हो रही है।

इतना सब होने के बाद भी प्रदेश के गृहमंत्री और उनकी लचर कानून व्यवस्था महज मूक दर्शक बनी हुई है। ना तो अपराधियों पर शिंकजा कसा जा रहा है और ना ही उन्हें कड़ी सजा दी जा रही है। हाल ही में एक दर्दनाक घटना प्रदेश के उमरिया जिले में हुई है। जहां दुष्कर्म की शिकार हुई 13 साल की बच्ची। जिसे दरिंदो ने पांच दिनों तक किडनैप करके रखा और इस दौरान उसके साथ दो बार सामूहिक बलात्कार जैसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया। इन आरोपियों के चेहरों पर कानून का कोई भय नहीं दिखाई पड़ता है तभी तो प्रदेश में कभी उमरिया, तो कभी इंदौर जैसे शहरों में इस तरह की दुखद घटनाएं हो रही है।

एक तरफ प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान महिला जागरुकता अभियान चला रहे है, दूसरी तरफ प्रदेश के कानून से बेखौफ बदमाश इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे। साफ है प्रदेश के कानून व्यवस्था की चरमराई यह तस्वीर देश ही नही बल्कि दुनिया में प्रदेश की छवि धूमिल कर रही है। यह पहला अवसर नहीं है जब प्रदेश में इस तरह की घटनाओं को इन दरिंदो ने अंजाम दिया हो।

वर्ष 2019 के नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े बताते है कि दलित बच्चियों से रेप, छेड़छाड़ के मामले में मध्य प्रदेश नंबर वन रहा है। 2019 में मध्य प्रदेश में दलित बच्चियों के साथ रेप की 214 घटनाएं हुई। इतना ही नहीं 114 दलित बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं के मामले सामने आए है। एनसीआरबी द्वारा जारी आंकड़ों के बाद भाजपा सरकार ने इन घटनाओं का ठीकरा कमलनाथ सरकार के ऊपर फोड़ते हुए खुद जिम्मेदारी लेने से पूरी तरह से इंकार कर दिया। कुल मिलाकर यदि प्रदेश की कानून व्यवस्था को अभी दुरुस्त नहीं किया गया तो आगे भी उमरिया, इंदौर की घिनौनी घटनाएं होती रहेंगी। क्योकि‍ ग्रहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री बनने के जोड़-तोड़ में लगे है और अपना ग्रह वि‍भाग ठीक से नही संभाल पा रहे है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7843