नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● राष्ट्र मानवता की निःस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक के टीकों को भारत के औषध महानियंत्रक- डीसीजीआई की मंजूरी मिलने पर इसे वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ महत्वपूर्ण लड़ाई में भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए एक निर्णायक मोड़ करार दिया है।
लगातार कई ट्वीट संदेशों में प्रधानमंत्री ने कहा, “एक महत्वपूर्ण लड़ाई में भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए निर्णायक क्षण! @SerumInstIndia और @BharatBiotech के टीके को भारत के औषध महानियंत्रक-डीसीजीआई की मंजूरी मिलने के बाद स्वस्थ और कोरोना मुक्त राष्ट्र होने का रास्ता साफ हो गया है।
भारत को बधाई। इस मुहिम में जुटे हमारे मेहनती वैज्ञानिकों और अन्वेषकों को बधाई।” "इस उपलब्धि पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होगा कि, जिन दो वैक्सीन को आपातकालीन उपयोग की मंजूरी दी गई है, वे भारत में ही बनी हैं! यह सफलता आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे वैज्ञानिक समुदाय की उत्सुकता को दर्शाता है, जिसके मूल में ही करुणा और सेवाभाव निहित हैं।"
"अनेक विपरीत परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए हम डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों, वैज्ञानिकों, पुलिस कर्मियों, स्वच्छता कार्यकर्ताओं और सभी कोरोना योद्धाओं के लिए बार-बार अपना आभार प्रकट करते हैं। हम कई लोगों की जान बचाने के लिए उनके प्रति हमेशा ऋणी रहेंगे।"
■ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटैक की कोविड वैक्सीन को मंज़ूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) द्वारा सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटैक की कोविड वैक्सीन को मंज़ूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। अपने श्रंखलाबद्ध ट्वीट्स में अमित शाह ने कहा कि “भारत के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मैं अपने प्रतिभाशाली और परिश्रमी वैज्ञानिकों को भारत को गौरवान्वित करने के लिए सलाम करता हूँ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत को कोविड मुक्त बनाने के प्रयास के लिए शुभकामनाएँ”।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि “दूरदर्शी नेतृत्व एक बहुत बड़ा परिवर्तन ला सकता है। हमने हर बार यह देखा है कि न्यू इंडिया संकट के समय मानवता की भलाई और नवाचार के लिए हमेशा तत्पर रहता है। मेड इन इंडिया वैक्सीन को मंज़ूरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को आगे बढ़ाने में गेम चैंजर साबित होगी”।
श्री शाह ने कहा कि “हम इस चुनौतीपूर्ण समय मे पूरी निष्ठा के साथ मानवता की सेवा करने वाले हमारे वैज्ञानिकों, डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ़, सुरक्षाकर्मियों और सभी कोरोना वॉरियर्स का दिल से धन्यवाद करते हैं। राष्ट्र मानवता की निःस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा”।
https://www.indiainside.org/post.php?id=7794