--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार कोरोना संक्रमण रिकवरी रेट के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है। बिहार से आगे केवल दो राज्य ही हैं। पहला दिल्ली और दूसरा तमिलनाडु। दिल्ली का रिकवरी रेट 90% और तमिलनाडु का 84% है। जबकि बिहार का रिकवरी रेट 83.74% है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़े के अनुसार बिहार की रिकवरी दर अभी तक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
इससे पहले राज्य की सर्वाधिक रिकवरी दर 28 जून को दर्ज किया गई थी। 28 जून को रिकवरी दर 78% के स्तर पर पहुंची थी। उसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आने लगी। यानी स्वास्थ होने वाले से अधिक संख्या संक्रमितों की होने लगी। 12 अगस्त को यह दर कम होकर 63% पर पहुंच गया था।
स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार ने बताया कि राज्य में संक्रमण दर तेजी से घट रही है। महीना भर पहले जहां कुल टेस्ट में 10 फीसद रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही थी, वह अब घटकर 1.91 के करीब पहुंच गई हैं। ठीक होने वाले लोगों की बढ़ती संख्या के बाद अब एक्टिव केस 19651 रह गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को कोरोना संक्रमण की वजह से 17 लोगों की मौत हुई। पटना में 11 लोगों की मौत हुई। जबकि भोजपुर, नालंदा और रोहतास में दो-दो लोगों की मौत हुई। बता दें कि अब तक राज्य में कोरोना के संक्रमित 644 लोगों की जान जा चुकी है। अकेले पटना जिले में 35 लोगों की मौत हुई है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=7571