एक मतदान केंद्र पर हजार से ज्यादा नहीं होंगे मतदाता : अरोड़ा



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने एक बार फिर कहा है कि बिहार में विधानसभा चुनाव अपने नियत समय पर ही होंगे। विधानसभा चुनाव समय पर कराने के लिए निर्वाचन आयोग हर स्तर पर तैयारी कर रहा है।

बिहार चुनाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब एक पोलिंग स्टेशन पर हजार से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे। फिलहाल कई ऐसे मतदान केंद्र है, जहां 1500 मतदाता हैं, लेकिन कोरोना की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना जरूरी है, इसलिए बिहार में 33,797 अतिरिक्त पोलिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं। बिहार में फिलहाल 73 हजार बूथ हैं।

अरोड़ा ने कहा कि राज्य में अधिकांश मतदान केंद्रों पर मतदाता की संख्या एक हजार से अधिक है। ऐसी स्थिति में जिस मतदान केंद्र पर एक हजार से अधिक मतदाता हैं, उस केन्द्र को दो भागों में विभक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे मतदान केंद्रों को लेकर समस्या भी उत्पन्न होने की आशंका है, क्योंकि कई मतदान केंद्रों पर दो ही कमरे हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह भी बताया कि अतिरिक्त पोलिंग बूथ के लिए करीब दो लाख मतदान कर्मियों की भी जरूरत होगी। इसी हिसाब से सुरक्षा बलों मशीनरी की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में होने वाले इस विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान मतदाताओं के बीच सामाजिक दूरी बनाए रखने की कवायद में चुनाव आयोग भी जुट गया है।

12 करोड़ की आबादी वाले बिहार में इस बार 7 करोड़ 31 लाख मतदाता होंगे। 243 विधानसभा क्षेत्र वाले बिहार विधान सभा का कार्यकाल 29 नवंबर तक है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7487