एनडीए-महागठबंधन का विकल्प होगा तीसरा मोर्चा : यशवंत



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार में विधानसभा चुनाव के पूर्व एनडीए और महागठबंधन को चुनौती देने के लिए तीसरे मोर्चे का ऐलान किया गया है।जो "बेहतर बिहार, बदलो बिहार" नारा के साथ चुनाव लड़ेंगा।

भाजपा के पूर्व नेता और केंद्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में तीसरे मोर्चे का ऐलान किया है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बताया कि प्रदेश की बदहाल स्थिति को देखते हुए वे तीसरे मोर्चे का गठन कर रहे हैं।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि यह मोर्चा प्रदेश में एनडीए और महागठबंधन का विकल्प बनेगा, हालांकि अभी उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि इस मोर्चे में कौन-कौन शामिल हो रहे हैं और क्या यशवंत सिन्हा खुद चुनावी मैदान में उतरेंगे या नहीं।

उन्होंने घोषणा की कि तीसरा मोर्चा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाग लेगा। उन्होंने कहा कि हम आने वाले चुनाव में मिलकर लड़ेंगे और प्रदेश के हालत को बदलने व बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। वर्तमान बदहाली के लिए वर्तमान की एनडीए की सरकार जिम्मेदार है और हम मिलकर इसे हटायेंगे।

यशवंत सिन्हा ने बिहार में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, भ्रष्टाचार इत्यादि के मुद्दे को भी उठाया। इस दौरान उन्होंने थर्ड फ्रंट की बात पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह भविष्य तय करेगा कि हम तीसरे हैं, दूसरे हैं या पहले हैं।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि अभी केवल हम यह बताने आये हैं कि हम बेहतर बिहार, बदलो बिहार के लिए चुनाव लड‍़ेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर कई नेता हमारे साथ हैं लेकिन आज केवल चुनाव लड़ने की बात करूंगा। बहुत लोग हमारे संपर्क में हैं औऱ दूसरे दलों के नेता भी हमसे जुड़ सकते हैं। लेकिन यदि कोई शर्त लेकर आएगा तो उसपर विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि सरकार के नाक के नीचे से ट्रेजरी से पैसे गायब हो जाते हैं। हमलोग बिहार में एक शक्ति पैदा करना चाहते हैं और ये शक्ति ही बिहार का भविष्य तय करेगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7393