बिहार : राजद के पांच विधान पार्षदों ने पार्टी छोड़ थामा जदयू का दामन



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

विधानसभा चुनाव से पूर्व पांच विधान पार्षदों ने राजद का साथ छोड़ जेडीयू का दामन थाम लिया है। बिहार के राजनीतिक गलियारे से मिली खबर के अनुसार इनके नाम हैं राधा चरण सेठ, संजय प्रसाद, रणविजय सिंह, दिलीप राय और कमरे आलम।

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें जल्दी ही घोषित होने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में बिहार में दलबदल का खेल तेज हो गया है। इसी क्रम में बीते दिनों आरजेडी ने जेडीयू के कुछ नेताओं को अपनी पार्टी में ज्वाइन करवाया था। बता दें कि पार्षदों के राजद छोड़ने की बात ऐसे समय आई है जब विधानपरिषद का चुनाव बेहद नजदीक है।

बीते 16 जून को जेडीयू के पूर्व एमएलसी जावेद इकबाल अंसारी ने जेडीयू का दामन छोड़ आरजेडी का हाथ थाम लिया था। उनके अलावा जेडीयू के पूर्व विधायक रामनरेश सिंह की बेटी शगुन सिंह ने भी पार्टी से किनारा कर तेजस्वी ब्रांड के अंदर आने का फैसला ले लिया था। साथ ही पूर्व एडीजी अशोक गुप्ता ने भी आरजेडी के साथ आ कर विधानसभा चुनाव में जाने का फैसला किया था।

इस दौरान आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा था कि लोगों को अब आरजेडी में अपना भविष्य नजर आने लगा है। वे आरजेडी को सम्मानित कर रहे हैं और राजद उन्हें सम्मानित कर रही है। लालू यादव ने गरीबों का उत्थान किया है, ये वो जानते हैं। हालांकि मंगलवार को जिस तरह से एक साथ पांच विधान पार्षदों ने आरजेडी छोड़ जेडीयू ज्वाइन कर लिया ये तेजस्वी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

विधानपरिषद का चुनाव करीब आते ही राजनीतिक खींचतान तेज हो गई है। राजद कोटे से विधान पार्षद प्रत्याशियों के नाम का ऐलान भले ही अब तक नहीं हुआ है, लेकिन विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुका है। सोमवार को राघोपुर से आये सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और पूर्व मंत्री उदय नारायण राय उर्फ भोला राय को विधान पार्षद प्रत्याशी बनाने की मांग की। इनका कहना है कि जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक बाहर से आये लोगों को विधान पार्षद बनाने की सूचना मिल रही है। अगर ऐसा हुआ तो हम लोग इसका विरोध करेंगे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7380