विश्व के शख्सियतें जिन्होंने मोड़ दिया परेशानियों का रास्ता



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

परेशानियां हर आदमी की जिंदगी में आती हैं। हमेशा आपकी चाहत पूरी हो जाए, ऐसा किसी के साथ नहीं होता। इसलिए असफलता, धोखा, नुकसान की स्थिति में खुद को कमजोर नहीं करना चाहिए। कोई भी कामयाबी, दौलत और रिश्ता आपसे अधिक महत्वपूर्ण नहीं है। आप हैं तभी आपके साथ की चीजें भी हैं। आप हैं तो बेहतर चीजें हासिल कर सकते हैं। इन प्रसिद्ध शख्सियतों मे इनके नाम शामिल है।

• जेके राउलिंग : हैरी पॉटर की लेखिका और सेलिब्रिटी बन चुकी जेके राउलिंग की कहानी डिप्रेशन पर विजय का बेहद सफल उदाहरण है। राउलिंग की जिंदगी बड़ी मुश्किलों से गुजरी। उन्होंने रिसेप्शनिस्ट की नौकरी से कॅरियर की शुरुआत की। इसके थोड़े समय बाद शादी और फिर एक बच्चा हुआ। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा दिन चल नहीं सका। शादी टूटने के बाद ही उनकी नौकरी भी चली गई। एक दौर में तो वह खुदकुशी तक के लिए सोचने लगी थीं। लेकिन उन्होंने खुद को बहुत जल्द नकारात्मकता से उबारा और आज दुनियाभर में उनका नाम सफल और अमीर लेखकों में शुमार होता है।

• अब्राहम लिंकन : अमेरिका के सफलतम राष्ट्रपतियों में शुमार अब्राहम लिंकन को जीवन में लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने कभी भी खुद पर नकारात्मकता को हावी नहीं होने दिया। उनको अपनी नौकरी गंवानी पड़ी। व्यवसाय किया, उसमें भी सफल नहीं हुए। फिर वह राजनीति में आए। यहां विधायक से लेकर उप राष्ट्रपति तक के एक के बाद एक 10 से अधिक चुनाव वह हारे। लेकिन आखिरकार उन्हें अमेरिका का राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ।

• अमिताभ बच्चन : बॉलीवुड के महानायक के तौर पर मशहूर अमिताभ बच्चन के कॅरियर में सफलता लंबे संघर्ष के बाद आई। उन्होंने रेडियो स्टेशन में नौकरी शुरू की, लेकिन आवाज भारी होने के कारण वहां से निकाल दिया गया। बहुत मुश्किल से बॉलीवुड में आए, लेकिन शुरुआत की सात फिल्में फ्लॉप रहीं। लगातार कोशिशों के बाद एक बार सफल हुए। कुछ वर्ष तक सब ठीक चलने के बाद वह फिर से गुमनामी के दौर में चले गए। उन्होंने फिर से वापसी के लिए अपना प्रोडक्शन हाउस खोला, जो सफल नहीं हो सका। लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी और वह फिर से कामयाब हुए।

• दीपिका पादुकोण : दीपिका बॉलीवुड की सफल अभिनेत्रियों में शुमार हैं, लेकिन उन्हें डिप्रेशन का सामना करना पड़ा था। यह बड़ी बात है कि उन्होंने इस बारे में खुद दुनिया को बताया। हंसी-मजाक से भरपूर अपनी फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' की शूटिंग के दौरान वह लगातार इस समस्या से दो-चार हो रही थीं। लेकिन उन्होंने खुद इसे पहचाना और स्वजनों को इसके बारे में बताया। उन्होंने तुरंत इसका इलाज कराया। इस तरह उन्होंने खुद को बड़ी समस्या से बचा लिया।

• मनीषा कोइराला : बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला भी डिप्रेशन का शिकार हो चुकी हैं। ऐसा उनके पति सम्राट दहल के साथ रिश्ता खत्म होने के बाद हुआ था। वह कैंसर से भी लड़ चुकी हैं। लेकिन उन्होंने समस्याओं से हार मानने की बजाय लड़ने की ठानी और आज उनकी कामयाबी की कहानी सभी जानते हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7357