--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
फिल्मी जगत में कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी का किरदार पर्दे पर निभा कर ख्याति बटोरने वाले एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। महज 34 वर्ष के सुशांत ने मुंबई के बांड्रा स्थित अपने घर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। जी न्यूज के अनुसार अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सुशांत सिंह राजपूत बिहार से ताल्लुक रखते हैं। वैसे तो सुशांत का पुश्तैनी घर बिहार के पूर्णिया में है, लेकिन सुशांत का बचपन राजधानी पटना में बीता है। पटना के संत कैरेन्स स्कूल से उन्होंने हाई स्कूल तक पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली चले गए। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी की। बताया जाता है कि एआईईईई में सुशांत का ऑल इंडिया रैंक 7 था। लेकिन इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने से पहले ही सुशांत सिंह राजपूत ने बॉलीवुड की ओर अपना पूरा ध्यान केंद्रीत कर दिया। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से अपनी डिग्री पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान अदाकारी की ओर केंद्रीत कर दिया और वहीं से मायानगरी मुंबई की ओर चल दिए।
सुशांत ने अपने छोटे से फिल्मी करियर में ही कई हिट फिल्में दी हैं। लेकिन जिस किरदार को लोग हमेशा जेहन में बसा कर रखते हैं, वह है पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जीवनी पर आधारित फिल्म धोनी- द अनटोल्ट स्टोरी। इसके अलावा सुशांत ने केदारनाथ, हंसी तो फंसी, सोन चिरैया, पीके, छिछोरे और सबसे बेहतरीन अदायगी वाली फिल्म काई पा छे में भी काम किया है।
सुशांत सिंह राजपूत के बारे में यह जानकारी बहुत कम लोगों को ही है कि फिल्मी जगत में नाम कमा चुका यह अभिनेता भारत सरकार की ओर से वीमेन एंटर्पेन्योरशिप प्लेटफॉर्म के ब्रांड एंबेसडर हैं। इसके अलावा वैसे युवा जो अपने सपने पूरे करने के लिए जी जान से मेहनत करते हैं, उसके लिए सुशांत सिंह राजपूत ने सुशांत फार एडुकेशन संस्था बनाया था जिसके जरिए वे उन्हें वित्तीय मदद दे कर प्रोत्साहित करते थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=7349