कोरोना के चपेट में आए बिहार के 20 जिलों के 214 लोग



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

कोरोना महामारी ने बिहार के 20 जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। शुक्रवार को कोरोना ने बिहार के दो नए जिलों औरंगाबाद और मधेपुरा में दस्तक दी और वहां भी पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ ही बिहार में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 214 हो गई।

शुक्रवार की रात आठ बजे तक 17 और पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इसके साथ ही बिहार में कोरोना ने अब तक 214 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है और इस जानलेवा बीमारी से दो लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार में कोरोना के नए मरीजों की बात करें तो बक्सर के 10, औरंगाबाद और पटना के 2-2 लोग शामिल हैं वहीं मधेपुरा, सारण और मुंगेर से एक-एक मरीज मिले हैं। शुक्रवार की बात करें तो आज बिहार के दो जिलों मुंगेर और बक्सर में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। मुंगरे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 53 पर पहुंच गई है।

दोपहर तक जहां बिहार के मुंगेर, बांका, बक्सर और नालंदा जिले से मरीजों का मामला सामने आया था, वहीं शाम को एक साथ 15 नए केस मुंगेर से सामने आए। मुंगेर से आए 15 मामलों में अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बिहार में मुंगेर अब तक कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन गया है, जहां अब तक 52 मरीज मिले हैं। बिहार में एक दिन में अभी तक कोरोना के 46 नए केस मिले हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7178