राजधानी पटना पर दिखा लॉकडाउन का असर, शहर की हवा हुई साफ



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

विश्वव्यापी महामारी कोरोना से लड़ने के लिए शुरू लॉकडाउन से शहर ही नहीं पूरे प्रदेश की हवा साफ हुई है। आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि पटना में 22, 23 और 24 मार्च को हवा की शुद्धता तुलनात्मक रूप में शानदार रही है। 22 मार्च के दौरान पटना शहर में तारामंडल के पास हवा में पीएम 2.5 की मात्रा 93.72 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर और दूसरे में तीन अन्य सेंटरों राजवंशी नगर, मुरादपुर और समनपुरा में 50 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रही। एयर क्वालिटी इंडेक्स संतोषजनक रहा।

23 मार्च को 2.5 की मात्रा घटकर शहर में औसतन 50 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रही। 24 मार्च को राजवंशी नगर में 37.21, समनपुरा में 40, मुरादपुर में 61 और तारामंडल के पास 50 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीमटर से नीचे रही। 25 मार्च को राजवंशी नगर में पीएम 2.5 की मात्रा 55, समनपुरा में 88 और तारामंडल पर 70 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रही। इस तरह लॉकडाउन के दौरान अधिकांश वाहनों के न चलने से पीएम 2.5 की मात्रा में 70 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गयी है। फिलहाल सड़क पर वाहनों के कम निकलने से हवा साफ हुई है। हालांकि एयर क्वालिटी इंडेक्स पूरे प्रदेश में मोडरेट स्तर पर स्थिर हो गयी है। 24 मार्च को पटना का एयर क्वालिटी इंडेक्स 124 और 25 मार्च को 130 दर्ज किया गया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7066