--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार की पाटलिपुत्र सीट से भाजपा के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव के बेटे अभिमन्यु यादव चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी का दामन थामेंगे। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी नेता के पुत्र अभिमन्यु इसी महीने की 27 तारीख को चिराग पासवान के समक्ष लोजपा की सदस्यता हासिल करेंगे।
दरअसल, अभिमन्यु यादव ने 'टीम अभिमन्यु' नाम से अपनी एक संस्था बना रखी है, जिसके माध्यम से वो पूरे पटना जिले के ग्रामीण इलाकों में सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेते रहते हैं। अभिमन्यु की लोजपा में इंट्री को विधानसभा चुनाव में पटना की फतुहा सीट से दावेदारी को लेकर भी देखा जा रहा है। रामकृपाल यादव का पटना के ग्रामीण इलाकों खास कर यादव बाहुल्य क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है। यही कारण है कि वह अपने बेटे के लिए लोजपा के माध्यम से भी लॉन्चिंग पैड तैयार कर रहे हैं।
हालांकि, अभिमन्यु के लोजपा में शामिल होने पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन हाल के दिनों में उन्होंने जिस तरह से चिराग पासवान से मुलाकात की है। राजनीतिक गलियारे मे चर्चा है कि वह जल्द ही लोजपा में शामिल होंगे।
रामकृपाल यादव ने इस मामले पर बहुत ही सधे हुए अंदाज में कहा कि राजनीति में निर्णय लेने के लिए हर कई स्वतंत्र है। जानकारों का मानना है कि रामकृपाल यादव की देखरेख में ही उनके बेटे अभिमन्यु लोजपा से साल 2020 में बिहार के चुनावी समर में कूदना चाहते हैं। लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने फिलहाल कोरोना को लेकर अपनी यात्रा रद्द कर दी है। मालूम हो कि वह भी बिहार चुनाव से पहले बिहार फर्स्ट यात्रा पर निकले हैं और प्रदेश के लोगों का मूड भांप रहे हैं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=7030