नीतीश की हर बात मानी जा रही फिर वो दूसरे के साथ क्यों जाएंगे : रामविलास



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने कहा कि विपक्ष की नाव डूब गई है तो ऐसे में विपक्ष की उस नाव पर कौन सवार होगा। पासवान ने इसके साथ ये भी कहा कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने सीएम को लेकर नीतीश के नाम पर मुहर लगा दी है फिर ऐसे में वे किसी दूसरे के पाले में क्यों जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने बुधवार को दिल्ली में बिहार विधानसभा में एनआरसी और एनपीआर पर प्रस्ताव पारित होने के फैसले का स्वागत करने के साथ ही यह कहा कि इसको लेकर अब भ्रम की स्थिति नहीं है लेकिन फिर भी राजनीति करने वालों का कोई जवाब नहीं।

पासवान ने तंज भरे लहजे में कहा कि पीने वालों को तो पीने का बस कोई बहाना ही चाहिए होता है। एनआरसी और एनपीआर पर पारित प्रस्ताव के बिहार विधानसभा में पारित होने के बाद नीतीश कुमार को लेकर चल रही अटकलों के बारे में पासवान ने कहा कि वो कहीं और क्यों जाएंगे।

मालूम हो कि बिहार विधानसभा में मंगलवार को एनआरसी और एनपीआर को लेकर एक प्रस्ताव पास करा दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में साल 2010 के प्रावधानों के अनुसार राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर यानी एनपीआर में लागू करने का भी प्रस्ताव पारित है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6959