--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
• बिहार फर्स्ट रैली से पूर्व चिराग 21फरवरी से शुरू करेंगे बिहार फर्स्ट यात्रा
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी ने इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसे लेकर एलजेपी 14 अप्रैल को गांधी मैदान में रैली कर शक्ति प्रदर्शन करेगी जिसका नाम 'बिहार फर्स्ट रैली' रखा गया है।
एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को यहां कहा, 'रैली के पहले हम प्रदेश भर में यात्रा करेंगे। इस यात्रा का नाम भी 'बिहार फर्स्ट यात्रा' होगा। यह यात्रा 21 फरवरी से होगी।
आमतौर पर पार्टियां चुनाव के दौरान घोषणा पत्र जारी करती हैं लेकिन चिराग ने कहा कि एलजेपी रैली के दिन ही अपना घोषणापत्र जारी करेगी। चिराग पासवान ने अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा, 'एलजेपी ऐसी सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी, जहां जनता दल युनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी के विधायक नहीं हैं। ऐसी 119 सीटें हैं, जिस पर एलजेपी तैयारी कर रही है।'
जमुई क्षेत्र से सांसद चिराग ने एलजेपी के भावी उम्मीदवारों के विषय में कहा कि उम्मीदवारों का चयन संसदीय बोर्ड करेगा। एलजेपी उम्मीदवार बनने की यह भी एक शर्त होगी कि टिकट दावेदार पच्चीस हजार पार्टी के सदस्य अपने क्षेत्र में बनाए।
https://www.indiainside.org/post.php?id=6874