प्रधानमंत्री आवास योजना -शहरी के अंतर्गत 1 करोड़ से अधिक मकान स्वीकृत, रोजगार की अपार संभावनाएं



नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी ने बताया है कि शहरी क्षेत्रों में 1.2 करोड़ मकानों की वैधानिक मांगों में से एक करोड़ मकानों को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके अलावा 57 लाख मकान निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं और लगभग 30 लाख मकानों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। पूर्ववर्ती जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीकरणीय मिशन योजना की तुलना में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की उपलब्धि 10 गुना रही है। यह उपलब्धि लगभग साढ़े चार वर्षों में प्राप्त की गई है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) विश्व का सबसे बड़ा कार्यक्रम है, जिसके तहत सस्ती दरों पर मकान उपलब्ध कराये जा रहे हैं।

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने बताया कि इसके दायरे में कई सामाजिक समूह आते हैं, जिनमें लगभग 5.8 लाख वरिष्ठ नागरिक, 2 लाख निर्माण मजदूर, 1.5 लाख घरेलू कामगार, 1.5 लाख दस्तकार, 0.63 लाख दिव्यांगजन, 770 ट्रांसजेंडर और 500 कुष्ठरोगी शामिल हैं। योजना में महिला सशक्तिकरण का विशेष ध्यान रखा गया है, जिसके तहत किसी महिला के नाम से मकान लेने पर सुविधा दी जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में कुल निवेश 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है, जिनमें से 1.5 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता के रूप में हैं। अब तक 60 हजार करोड़ रुपये जारी किये जा चुके हैं। केंद्र सरकार प्रत्येक घर के लिए एक लाख से 2.67 लाख रुपये का योगदान कर रही है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6718