अनुच्छेद 370 और 35ए जम्मू कश्मीर में आतंकवाद का प्रवेशद्वार थे : अमित शाह



नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

सरदार वल्लभभाई पटेल की 144वीं जयंती के मौके पर दिल्ली में एकता दौड़ "रन फॉर यूनिटी" की शुरुआत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए जम्मू कश्मीर में आतंकवाद का प्रवेशद्वार थे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे रद्द कर उस रास्ते को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर का बाकी देश के साथ एकीकरण का सरदार वल्लभभाई पटेल का अधूरा सपना पांच अगस्त को पूरा हुआ जब अनुच्छेद 370 और 35ए रद्द किये गए।

ज्ञात हो कि जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बुधवार मध्यरात्रि को समाप्त हो गया और इसके साथ ही दो नए केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा लद्दाख अस्तित्व में आ गए। अनुच्छेद 370 के तहत मिले विशेष दर्जे को संसद द्वारा समाप्त किए जाने के 86 दिन बाद यह निर्णय प्रभावी हुआ है।

गृह मंत्रालय द्वारा बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। देर रात जारी अधिसूचना में, मंत्रालय के जम्मू-कश्मीर संभाग ने प्रदेश में केंद्रीय कानूनों को लागू करने समेत कई कदमों की घोषणा की। यह पहली बार होगा जब किसी राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में तब्दील किया गया है। इसके साथ ही देश में राज्यों की संख्या 28 रह गई और केंद्रशासित प्रदेशों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6414