मध्य प्रदेश : जनसंपर्क मंत्री ने दिया आश्वासन, दो दिनों में होगा भुगतान



भोपाल,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● जनसंपर्क मंत्री के आश्वासन के बाद पुतला दहन का कार्यक्रम मुल्तवी

इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आई•एफ•डब्ल्यू•जे•) मध्यप्रदेश इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सलमान खान के नेतृत्व में जनसंपर्क मंत्री पी• सी• शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात कर पत्रकारों के भुगतान व अन्य समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

चर्चा के दौरान जनसंपर्क मंत्री पी• सी• शर्मा ने आश्वासन दिया कि छोटे मझौले साप्ताहिक व मासिक समाचार पत्रों के ₹50,000 राशि तक का भुगतान आगामी 2 दिन में कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण इसमें जो देरी हो रही है वह दिवाली से पहले पूरी हो जाएगी। पत्रकारों की अन्य मांगों के बारे में भी उन्होंने प्रिंसिपल सेक्रेट्री श्री शुक्ला को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए।

चर्चा के उपरांत आई•एफ•डब्ल्यू•जे• की मध्य प्रदेश इकाई ने पुतला दहन कार्यक्रम मुल्तवी कर दिया है। साथ में कहा है कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो आगामी दिनों में पुतला दहन किया जायेगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष सलमान खान के साथ असरार अली, नवेद अली, संजय दुबे, राशिद अली, जलील खान, दौलत राम साहू सहित अनेक पदाधिकारी और साथी मौजूद थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6396