महात्मा गांधी भारतीय थे लेकिन केवल भारत के नहीं थे : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी



अमेरिका,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी भारतीय थे लेकिन वह केवल भारत के नहीं थे और यह मंच इसका जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी पर विचार रखने से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में गांधी सौर पार्क का उद्घाटन किया। गांधीजी की 150वीं जयंती पर संयुक्त राष्ट्र ने एक डाक टिकट भी जारी किया है। बता दें कि महात्मा गांधी की इस साल 150वीं जयंती मनाई जा रही है। इसी संबंध में गांधीजी के विचारों पर संयुक्त राष्ट्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री मोदी के गांधीजी पर दिए भाषण के संबंध में ट्वीट किया कि ‘‘गांधीजी भारतीय थे लेकिन सिर्फ भारत के नहीं थे। आज यह मंच इसका जीवंत उदाहरण है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आप कल्पना कर सकते हैं कि जिनसे गांधीजी कभी मिले नहीं, वे भी उनके जीवन से कितना प्रभावित रहे। मार्टिन लूथर किंग जूनियर हों या नेल्सन मंडेला, उनके विचारों का आधार महात्मा गांधी थे, उनकी सोच थी।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज लोकतंत्र की परिभाषा का एक सीमित अर्थ रह गया है कि जनता अपनी पसंद की सरकार चुने और सरकार जनता की अपेक्षा के अनुसार काम करे, लेकिन महात्मा गांधी ने लोकतंत्र की असली शक्ति पर बल दिया। उन्होंने वह दिशा दिखाई जिसमें लोग शासन पर निर्भर न हों और स्वावलंबी बनें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा गांधी ने एक ऐसी सामाजिक व्यवस्था का बीड़ा उठाया, जो सरकार पर निर्भर न हो। यह सर्वविदित है कि महात्मा गांधी परिवर्तन लाए, लेकिन यह कहना भी उचित होगा कि उन्होंने लोगों की आंतरिक शक्ति को जगा कर उन्हें स्वयं परिवर्तन लाने के लिए जागृत किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6281