बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान तेज



नई दिल्ली,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

लगातार हो रही भारी बारिश से उत्‍तरी कर्नाटक के बेलगाम, बागलकोट और रायचूर तथा दक्षिण महाराष्‍ट्र के कोल्‍हापुर, सांगली और रायगढ़ जिले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए है। सामान्‍य जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है। स्‍थानीय प्रशासन के अनुरोध पर सैन्‍य बलों ने तत्‍परता से राहत कार्य शुरू कर दिया है। आईएल 76, एएन 32, एवरो जैसे विमानों से वायु सेना एनडीआरएफ / नौ-सेना / सेना की टीमों को हवाई मार्ग से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचा रही है। नावों और अन्‍य बाढ़ बचाव उपकरणों के साथ सेना के इंजीनियर टास्‍क फोर्स को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। नावों और विशेषज्ञ तैराकों के साथ नौ-सेना बचाव टीमों को भी राहत कार्यों के लिए तटरक्षक बलों के साथ तैनात किया गया है।

कर्नाटक में 1000 हजार से अधिक सैन्‍यकर्मी बाढ़ राहत उपकरणों तथा 2 हेलिकाप्‍टरों के साथ तैनात किए गए है। बचाव कार्यों के लिए 400 से अधिक सैन्‍यकर्मी महाराष्‍ट्र में तैनात है। महाराष्‍ट्र में सैन्‍यकर्मी बचाव कार्यों के लिए 4 हेलिकाप्‍टरों का संचालन कर रहे हैं।

इसके अलावा एनडीआरएफ तथा इंजीनियर टास्‍क फोर्स को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए लगभग 10 विमानों का संचालन किया जा रहा है। खराब मौसम के कारण राहत कार्यों विशेषकर हेलिकाप्‍टर की उड़ान में बाधा हो रही है। संबंधित राज्‍य सरकारों से समन्‍वय के लिए दक्षिणी कमान मुख्‍यालय, पुणे को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

एकीकृत रक्षा स्‍टाफ मुख्‍यालय ने दिल्‍ली में एक नियंत्रण कक्ष स्‍थापित किया है जो तीनों सेनाओं के बचाव दलों की आवश्‍यकताओं की जानकारी प्राप्‍त करेगा तथा संसाधनों का आवंटन करेगा। नियंत्रण कक्ष 24 x 7 केंद्र सरकार के संपर्क में है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6110