नई दिल्ली, 01 जुलाई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
॥●॥ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में बस दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू–कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बस दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है।
एक ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा ‘’जम्मू–कश्मीर के किश्तवाड़ में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। हम इस दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति दु:ख और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।‘’
॥●॥ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिकित्सक दिवस पर डाक्टर बीसी रॉय का स्मरण किया और डाक्टरों को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिकित्सक दिवस के अवसर पर डाक्टरों को बधाई दी है। उन्होंने इस अवसर पर डॉ• बिधान चंद्र राय को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने एक ट्वीट संदेश में कहा “डाक्टर दिवस के अवसर पर मैं सभी परिश्रमी डाक्टरों को हमारे समाज को स्वस्थ और निरोग बनाये रखने के लिए दिन-रात प्रयासरत रहने के लिए बधाई देता हूं। जन कल्याण के उनके इस अप्रतिम योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। मैं इस अवसर पर डॉ• बी• सी• रॉय को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जो स्वयं भी एक डाक्टर थे।”
॥●॥ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट डे पर लेखाकारों को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट डे पर लेखाकारों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट संदेश में कहा “मेहनती चार्टर्ड अकाउंटेंटों की बिरादरी हमारे समाज में ईमानदारी और कुशल कार्पोरेट प्रशासन की संस्कृति को आगे बढ़ा रही है। देश की आर्थिक समृद्धि बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका है। आज चार्टर्ड अकाउंटेंट डे पर समस्त लेखाकारों को भविष्य में उनके सभी प्रयासों के लिए मेंरी शुभकामनाएं।”
https://www.indiainside.org/post.php?id=5864