विश्व के अनेक नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी



नई दिल्ली, 24 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आम चुनाव 2019 में जीत हासिल करने पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, भूटान के प्रधानमंत्री डॉ• लोटे शेरिंग, नेपाल के प्रधानमंत्री के• पी• शर्मा ओली, मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह, श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवीण जुगनाथ, यूएई के शहजादे मोहम्मद बिन जायद और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनिया भर के नेताओं ने टेलिफोन करके बधाई दी।

प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इन नेताओं ने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति भारत के लोगों की आस्था को दर्शाता है।

विश्‍व के नेताओं के स्‍नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आम चुनाव भारतीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाते हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने पारस्परि‍क रूप से लाभकारी द्विपक्षीय संबंधों और बहुपक्षीय सहयोग को विकसित करने में उनके सहयोग के लिए विश्‍व के नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्‍होंने मजबूत संबंधों को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी मिलजुल कर काम करने की अपनी इच्‍छा जाहिर की। प्रधानमंत्री ने ऐसे कई अन्य नेताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

■ रूस के राष्‍ट्रपति श्री पुतिन ने प्रधानमंत्री को फोन पर बधाई दी

रूस के राष्‍ट्रपति व्लादिमीर वी• पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन कर लोकसभा चुनाव में उन्हें मिली जीत पर बधाई दी। राष्ट्रपति श्री पुतिन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों देशों की जनता के बीच बरसों पुरानी दोस्ती को और मजबूत बनाएंगे तथा दोनों देशों को जोड़ने वाली विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी को और भी व्यापक बनाएंगे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने शुभकामनाओं और बधाई के लिए राष्ट्रपति श्री पुतिन का आभार प्रकट किया। उन्होंने पिछले कुछ महीनों से दोनों पक्षों के बीच बढ़ते सहयोग साथ ही साथ राष्ट्रपति पुतिन के साथ अपने निजी संबंधों को स्वीकार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रूस के बीच समय की कसौटी पर खरी उतरी और पुरानी द्विपक्षीय साझेदारी को और ज्यादा मजबूती प्रदान करने के लिए राष्ट्रपति श्री पुतिन के साथ आगामी बातचीत का वे बेताबी से इंतजार कर रहे हैं।

■ भूटान के प्रधानमंत्री डॉ• लोटे शेरिंग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जीत की बधाई दी

भूटान के प्रधानमंत्री महामहिम ल्योंचेन डॉ• लोटे शेरिंग ने 23 मई, 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत में आम चुनावों में मिली जीत के लिए फोन पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री डॉ• लोटे शेरिंग ने भारत में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा प्रदान किए गए मजबूत नेतृत्व की सराहना की और आशा व्यक्त कि भारत उनकी दृष्टि और नेतृत्व में अपार सफलता हासिल करेगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बधाई के लिए प्रधानमंत्री डॉ• लोटे शेरिंग का आभार प्रकट किया। उन्होंने भूटान के साथ विशेष और आदर्श द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री डॉ• लोटे शेरिंग और भूटान की शाही सरकार के साथ काम करना जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

■ भूटान नरेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जीत पर बधाई दी

भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने 23 मई, 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात कर उन्हें 17वीं लोकसभा के चुनाव में मिली जीत के लिए बधाई दी।

महामहिम भूटान नरेश ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की जनता की प्रगति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भूटान नरेश के अभिवादन और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार भूटान के साथ अपनी विलक्षण और विशेष मित्रता को सर्वाधिक महत्व देती है। उन्होंने दोनों देशों के बीच इस साझेदारी को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भूटान की शाही सरकार के साथ मिलकर काम करने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

■ फ्रांस के राष्‍ट्रपति ने टेलीफोन करके प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को बधाई दी

फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को फोन करके चुनाव में विजय पर उन्‍हें बधाई दी।

दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए एक साथ काम करने का संकल्‍प दोहराया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने महत्‍वपूर्ण विषयों पर भारत को समर्थन देने के लिए फ्रांस को धन्‍यवाद दिया।

राष्‍ट्रपति मैक्रोन ने प्रधानमंत्री मोदी को लोकतांत्रिक विश्‍व का एक अग्रणी नेता बताते हुए अगस्‍त 2019 में द्विपक्षीय बैठक और बियारिट्ज में जी-7 शिखर बैठक में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की फ्रांस यात्रा के आमंत्रण को दोहराया।

■ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन पर बधाई दी

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने 23 मई 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत कर उन्हें 17वीं लोकसभा के आम चुनाव में जीत हासिल करने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, ऑस्ट्रेलिया के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने को बहुत महत्व देता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही सशक्त और जीवंत लोकतंत्र हैं और हमारे बढ़ते आर्थिक संबंधों, उच्च स्तरीय सम्पर्कों तथा जनता के बीच प्रागाढ़ होते संबंधों के कारण हमारे रिश्तों में उत्पन्न गति भविष्य में भी जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने भी ऑस्ट्रेलिया में हाल ही में संपन्न चुनावों में लिबरल-नेशनल कोलिशन पार्टी को जीत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री मॉरिसन को बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मॉरिसन को भारत की यात्रा पर आने का अपना निमंत्रण दोहराया।

■ नेपाल के प्रधानमंत्री ने टेलीफोन पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को बधाई दी

नेपाल के प्रधानमंत्री के• पी• शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को फोन किया और लोकसभा चुनाव में जीत पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बधाई के लिए प्रधानमंत्री श्री ओली को धन्‍यवाद दिया और भारत-नेपाल मित्रता को मजबूत बनाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।

दोनों नेताओं ने विभिन्‍न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति पर संतोष व्‍यक्‍त करते हुए दोनों देशों के बीच पारंपरिक रूप से घनिष्‍ठ और मैत्रिपूर्ण सम्‍बंधों को मजबूत बनाने का संकल्‍प दोहराया।

■ बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से बातचीत की और आम चुनाव-2019 में मिले जनादेश के लिए बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बांग्लादेश की प्रधानमंत्री श्रीमति शेख हसीना से बातचीत की। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्‍व में एनडीए सरकार को भारत की जनता द्वारा दिये गये जनादेश के लिए बधाई दी। शेख हसीना प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को चुनाव में विजय हासिल करने पर बधाई देने वाली पहली विदेशी नेता बन गई हैं। यह भारत और बांग्‍लादेश के बीच घनिष्‍ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाता है। यह दोनों नेताओं के बीच बेहतरीन सद्भाव को भी दर्शाता है।

दोनों नेताओं ने भारत-बांग्‍लादेश संबंधों को अप्रत्‍याशित रूप से नई ऊंचाई पर ले जाने का भी संकल्‍प लिया। उन्‍होंने सुरक्षा, व्‍यापार, परिवहन, ऊर्जा और जन संबंधों में भागीदारी को मजबूत बनाने के लिए चल रही योजनाओं को तेजी से पूरा करने के महत्‍व पर जोर दिया। ऐसा करने के लिए बंगबंधु शेख मुजिबुर्रहमान की 2020 में आयोजित होने वाली जन्‍मशती और 2021 में बांग्‍लादेश की मुक्ति की 50वीं वर्षगांठ को देखते हुए अगले तीन वर्ष बहुत महत्‍वपूर्ण होंगे। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने का काम शुरू करने के लिए जल्‍द से जल्‍द बैठक करने के लिए तारीख निर्धारित करने के बारे में सहमति व्‍यक्‍त की।

■ जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी

जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को आम चुनाव 2019 में उनकी पार्टी की जबरदस्‍त जीत के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने श्री आबे को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्‍यवाद दिया।

दोनों नेताओं ने पिछले पांच वर्षों के दौरान द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति का जायजा लिया। उन्‍होंने शांति, प्रगति और समृद्धि के साझा दृष्टिकोण को अर्जित करने के लिए भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक भागीदारी को ओर अधिक मजबूत बनाने के बारे में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने अगले माह ओसाका में आयोजित जी-20 शिखर सम्‍मेलन के दौरान अपनी बैठक में मिलने की इच्‍छा व्‍यक्‍त की। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस वर्ष के अंत में आयोजित होने वाले अगले भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्‍मेलन के लिए श्री आबे को भारत की यात्रा करने का निमंत्रण भी दिया।

■ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चुनावी विजय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र भेजकर उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की चुनावी विजय पर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि वह भारत-चीन संबंधों के विकास को काफी महत्व देते हैँ और दोनों देशों के बीच घनिष्ठ विकास साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ कार्य करने के इच्छुक हैं। राष्ट्रपति ने हाल के वर्षों में दोनों देशों के संयुक्त प्रयास से भारत-चीन संबंधों के विकास को मजबूत गति देने पर संतोष व्यक्त किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5606