पणजी, 18 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
गोवा के मुख्यमंत्री और भारत के पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर का लंबी बिमारी के बाद रविवार 17 मार्च को निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने पणजी के समीप स्थित अपने निजी आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है।
प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने शोक प्रकट करते कहा कि मनोहर पर्रिकर एक अद्वितीय नेता थे। एक सच्चे देशभक्त और असाधारण प्रशासक थे। वह सभी की प्रशंसा करते थे। राष्ट्र के प्रति उनकी त्रुटिहीन सेवा को पीढ़ियों द्वारा याद किया जाएगा। उनके निधन से गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बारे में सुनकर अत्यंत खेद हुआ। वो सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और समर्पण का एक प्रतीक थे, गोवा और भारत के लोगों के लिए उनकी सेवा को नहीं भुलाया जाएगा।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी मनोहर पर्रिकर के निधन पर कहा कि गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर के निधन की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है, वो एक साल से अधिक समय तक बीमारी से जूझते रहे। वह गोवा के पसंदीदा बेटों में से एक थे। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना।
मनोहर पर्रिकर के निधन पर देश के नेताओं से लेकर अन्य क्षेत्र की हस्तियों ने भी दुख जताया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, शिवराजसिंह चौहान आदि ने भी ट्वीट कर पर्रिकर के निधन पर शोक जताया।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि संपूर्ण बीजेपी परिवार पर्रिकर जी के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। मैं लाखों बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ और महत्वपूर्ण रूप से गोवा के लोगों के साथ, जो उनके परिवार थे, अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान इस दुखद नुकसान का सामना करने के लिए शोक संतप्त परिवार को शक्ति दे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5144