कुर्क किया गया आतंकी के पैसों से खरीदा गया गुरुग्राम में विला



नई दिल्ली/गुरुग्राम, 12 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

आतंकी संगठन लश्करे तैयबा के सरगना हाफिज सईद की फंडिंग से खरीदे गए विला को प्रवर्तन निदेशालय ने कुर्क कर लिया है। यह विला सईद के फाइनेंसर कश्मीरी व्यापारी जहूर अहमद शाह वटाली ने खरीदा था। पिछले साल वटाली को एनआईए ने आतंकी संगठनों को फंडिंग करने के मामले में दबोचा था। ईडी का मानना है कि यह विला हाफिज सईद के संगठन फलाह ए इंसानियत फाउंडेशन के पैसों से खरीदा गया था।

विला खरीदने के लिए संयुक्त अरब अमीरात से हवाला के जरिए पैसा भारत पहुंचा था। इस पैसों का मकसद आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना भी था। ईडी ने फरवरी में एफआईएफ के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। इसी केस के तहत गुरुग्राम का विला कुर्क किया गया है। हाफिज सईद 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले का गुनहगार भी है।

एनआईए ने सितंबर 2018 में एक मामले की जांच में पाया था कि सलमान नाम के एक व्यक्ति को एफआईएफ से पाकिस्तान में पैसा मिला था। इसके आधार पर ईडी ने आगे की जांच की। जांच एजेंसी का कहना है कि सईद की 24 बेनामी संपत्तियां है। वहीं वटाली ने सईद के पैसों का अलग-अलग जगहों पर इस्तेमाल किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5110