खुफिया एजेंसियों ने जारी किया अलर्ट : पुलवामा जैसा बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में जैश-ए-मोहम्मद



नई दिल्ली/जम्मू-कश्मीर, 07 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

जम्मू-कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में हैं। खुफिया सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक जैश के आतंकी घाटी में एक बार फिर पुलवामा जैसा बड़ा हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। जैश के आतंकियों ने काजीगुंड और अन्तनाग के बीच हमला करने का प्लान बनाया है।

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के नापाक इरादों के मद्देनज़र खुफिया एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में अलर्ट जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि आतंकी हाल ही में चुराई हुई टाटा सूमो के जरिए हमला करने की फिराक में हैं। जैश के आतंकी पुलवामा की तरह ही गाड़ी में आईईडी का इस्तेमाल करके हमला कर सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, आतंकी सुरक्षा प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों के कैंपो को अपना निशाना बना सकते हैं। आतंकी आने वाले तीन से चार दिनों में बड़ा हमला कर सकते हैं। इस ख़ुफ़िया जानकारी के बाद सभी सुरक्षा बलों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।


॥■॥ जम्मू बस अड्डे पर किए गए ग्रेनेड हमले में हैं हिजबुल का हाथ - पुलिस

जम्मू स्थित बस अड्डे पर गुरुवार को किए गए हैंड ग्रेनेड हमले में एक किशोर की मौत हो गई तथा 29 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तत्परता के जांच करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आईजीपी जम्मू मनीष कुमार सिन्हा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी यासिर भट्ट है। यासिर को यह काम हिजबुल मुजाहिदीन के जिला कमांडर फारूक अहमद भट उर्फ उमर ने दिया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि चश्मदीदों के बयान के आधार पर हम आरोपी की पहचान करने में सफल हुए, उसे हिरासत में ले लिया गया है, उसका नाम यासिर भट है, उसने अपने गुनाह को कबूल कर लिया है। इस हमले की जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी निंदा की है। उन्होंने मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये का मुआवजा और घटना में घायल हुए लोगों को 20,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

गौरतलब है कि विस्फोट में उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के एक किशोर की मौत हो गई। 17 वर्षीय मोहम्मद शारिक एक दिन पहले ही अपने परिवार की मदद करने के लिए रिश्तेदार से सिलाई सीखने के लिए वहां गया था। शारिक की अस्पताल में मौत हो गई। उसकी छाती पर चोट लगी थी। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नवनीत सिंह ने पुष्टि की कि धमाके में शरीक की मौत हो गई।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5103