तमिलनाडु में 5010 करोड़ रुपये की राष्‍ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास



नई दिल्ली/तमिलनाडु, 05 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों की 5010 करोड़ रुपये की दो परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और तीन परियोजनाओं का शिलान्‍यास करेंगे।

प्रधानमंत्री वेल्लोर, थिरुवन्नमलाई और विलुप्पुरम जिलों में पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -38 (ओल्ड एनएच -234) के दो-लेन के 122 किलोमीटर खंड तथा तिरुपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -381 के चार लेन के 32 किलोमीटर खंड को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

श्री मोदी विलुप्पुरम, कुड्डालोर, अरियालुर और तंजावुर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-36 (पुराना राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या-45सी) के विक्रवंदी-सेतियातोप्‍पु-चोलपुरम-तंजावुर खंड के 116.5 किलोमीटर भाग को चार लेन का बनाने, कांचीपुरम और वेल्लोर जिलों में राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -48 (पुराना राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -4) के करिपेट्टई-वलाजापेट खंड के 36 किलोमीटर भाग को छह लेन का बनाने तथा वेल्लोर जिले में राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -75 (पुराना राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -234) पर गुडियाथम बाईपास और वेल्लोर बाईपास पर फुटपाथ सहित दो लेन का निर्माण करने तथा मौजूदा कैरिजवे का सुदृढ़ीकरण करने संबंधी योजनाओं का शिलान्‍यास करेंगे।

इन परियोजनाओं से कार्बन फुटप्रिंट्स में कमी, तेज गति सहित सुरक्षित यात्रा, यात्रा पर लगने वाले समय में कमी और ईंधन की बचत जैसे लाभ प्राप्‍त होंगे।


॥■॥ प्रधानमंत्री 6 मार्च, 2019 को कर्नाटक के कलबुर्गी का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल कर्नाटक के कलबुर्गी का दौरा करेंगे। वह अनेक परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

कलबुर्गी-कर्नाटक

कलबुर्गी में प्रधानमंत्री कर्नाटक की जनता को लाभ पहुंचाने के लिए ऊर्जा, स्‍वास्‍थ्‍य और शिक्षा जैसे विभिन्‍न क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

इनमें शामिल होंगी :

स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र

कर्नाटक में स्‍वास्‍थ्‍य सेवा के क्षेत्र को व्‍यापक प्रोत्‍साहन देते हुए प्रधानमंत्री ईएसआईसी हॉस्पिटल एंड मेडिकल कॉलेज, बैंगलुरु राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। वह केआईएमएस, हुबली के सुपर स्‍पेशिएलिटी ब्‍लॉक को भी राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं कर्नाटक की जनता को अच्‍छी और किफायती स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की उपलब्‍धता सुनिश्चित कराएंगी।

ऊर्जा क्षेत्र

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बीपीसीएल डिपो के रायचूर से कलबुर्गी तक रिस्‍टेटमेंट का शिलान्‍यास करेंगे।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री बैंगलुरु में आयकर न्‍यायाधिकरण टर्मिनल भी राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।

वह बैंगलोर यूनिवर्सिटी में पूर्वोत्‍तर क्षेत्र की छात्राओं के लिए महिला छात्रावास को भी समर्पित करेंगे।

ये परियोजनाएं इस बात को उजागर करती हैं कि केन्‍द्र सरकार द्वारा ‘जीवन की सुगमता’ सुनिश्चित करने पर निरंतर बल दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री कलबुर्गी में आयुष्‍मान भारत के लाभार्थियों के साथ भी बातचीत करेंगे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5088