अग्नि सुरक्षा प्रौद्योगिकियों और सेवाओं पर डीआरडीओ की कार्यशाला



नई दिल्ली, 22 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने सोमवार 21 जनवरी को नई दिल्ली में अग्नि सुरक्षा प्रौद्योगिकियों और सेवाओं पर एक कार्यशाला का आयोजन किया, जिसका उद्घाटन रक्षा राज्य मंत्री डॉ• सुभाष भामरे ने किया। समारोह में गृह मंत्रालय के अग्नि सलाहकार डी• के• शमी और रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव तथा डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ• जी• सतीश रेड्डी भी उपस्थित थे।

डॉ• सुभाष भामरे ने अपने उद्घाटन भाषण में कार्यशाला का आयोजन करने के लिए डीआरडीओ को बधाई दी और कहा कि आग के जोखिम को कम करने का बेहतरीन तरीका यही है कि हम उसके खतरों को पहचानें और उसकी रोकथाम के उपाय करें।

डॉ• जी• सतीश रेड्डी ने कहा कि डीआरडीओ द्वारा विकसित प्रौद्योगिकियां न केवल रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल की जा रही हैं, बल्कि असैन्य क्षेत्रों में भी उनका उपयोग किया जा रहा है। डी• के• शमी ने अपने वक्तव्य में अनुसंधान एवं विकास तथा परीक्षण सुविधाओं की आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि डीआरडीओ आग से सुरक्षा के लिए सस्ती प्रौद्योगिकियों का निर्माण कर रहा है।

डीआरडीओ मुख्यालय में महानिदेशक (एसएएम), डॉ• चित्रा राजगोपाल ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि आग से बचाव और उससे लड़ने की क्षमता बढ़ाने के लिए अग्निशमन सेवाओं को बेहतर तरीके से लैस होना चाहिए और उनके पास बढ़िया प्रौद्योगिकी और उपकरण होने चाहिए।

https://www.indiainside.org/post.php?id=4811