नई दिल्ली, 29 दिसम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु के येलाहंका स्थित वायु सेना स्टेशन पर आयोजित होने वाले एयरो इंडिया-2019 के लिए ‘ड्रोन ओलंपिक्स’ हेतु एक नवीन वेब पेज (https://aeroindia.gov.in/Drone) का शुभारंभ शुक्रवार 28 दिसम्बर 2018 को किया। यह वेब पेज एयरो इंडिया के इस प्रथम कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक यूएवी खिलाड़ियों के पंजीकरण के लिए खुला है।
यह प्रतिस्पर्धा न केवल देश में यूएवी विनिर्माण को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि सशस्त्र बलों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध क्षमताओं का आकलन करने का अवसर भी प्रदान करेगी। यूएवी बाजार दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। रक्षा क्षेत्र में यूएवी की भूमिका इसकी विशेष नई क्षमताओं के कारण बढ़ती जा रही है, जो इन्हें खुफिया, निगरानी, टोही, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और हमले जैसे अभियानों के लिए उपयुक्त बनाती है।
‘ड्रोन ओलंपिक’ में भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तर के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता की तीन श्रेणियां के अंतर्गत निगरानी चुनौती के साथ चार उप-श्रेणियां हैं, जो यूएवी की निगरानी क्षमता को निर्धारित करेंगी। विभिन्न आकारों के यूएवी समूहों में आपूर्ति की चुनौती से लेकर वजन ले जाने की क्षमता के साथ-साथ निर्माण उड़ान चुनौती का प्रदर्शन भी शामिल है। प्रत्येक प्रतिस्पर्धा में प्रमुख तीन विजेताओं को पदक के साथ 38 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 26 जनवरी, 2019 है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4652