नई दिल्ली, 30 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बाल देखभाल संस्थाओं (सीसीआई) के बच्चों के लिए आयोजित चार दिवसीय उत्सव हौसला-2018 गुरुवार 29 नवम्बर को नई दिल्ली में सम्पन्न हो गया। इस उत्सव में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता और पद्मश्री से सम्मानित उद्यमी कल्पना सरोज उपस्थित थीं।
सीसीआई के बच्चों के इस उत्सव में 18 राज्यों से सीसीआई के 600 से अधिक बच्चों ने पेंटिंग, एथलीट, फुटबॉल, शतरंज और भाषण लेखन प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। इस उत्सव की प्रतिस्पर्धाओं में ओडिशा को रोलिंग ट्रॉफी प्राप्त हुई और छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर रहा।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता ने कहा कि बच्चों को किसी तरह का भय नहीं होना चाहिए। उन्हें अपने और अपनी क्षमता में विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हौसला जैसे उत्सव को क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने चाहिए।
अपने प्रेरक संबोधन में कल्पना सरोज ने सभी बाधाओं के बावजूद उपलब्धि की अपनी व्यक्तिगत कहानी सुनाई। बच्चों ने प्रेरित होकर कल्पना सरोज का अभिवादन किया।
इस मौके पर महिला और बाल विकास विभाग के सचिव राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि हौसला जैसे उत्सव के आयोजन का उद्देश्य सीसीआई के बच्चों को राष्ट्रीय मंच उपलबध कराना है ताकि बच्चे अपनी प्रतिभा दिखा सकें और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4419