नई दिल्ली, 30 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर, 2018) के अवसर पर उपराष्ट्रपति एम• वेंकैया नायडू व्यक्तियों, संस्थानों, संगठनों, राज्य/ जिले आदि को उनकी जबरदस्त उपलब्धियों और दिव्यांग व्यक्तियों को अधिकार सम्पन्न बनाने के उत्कृष्ट कार्य के लिए नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत, सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, रामदास अठावले, विजय सांपला, डीईपीडब्ल्यूडी सचिव शकुंतला डी• गैमलिन और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर 56 व्यक्तियों और 16 संस्थानों को पुरस्कृत किया जाएगा।
■ राष्ट्रीय पुरस्कार निम्नलिखित 14 श्रेणियों में दिए जायेंगे, जो इस प्रकार हैं –
• सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी/ स्व-नियोजित व्यक्ति
• सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और नियोजन अधिकारी और /अथवा एजेंसियां
• दिव्यांग व्यक्तियों को अधिकार सम्पन्न बनाने के लिए कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति और संस्था
• आदर्श श्रेणी
• दिव्यांग व्यक्तियों का जीवन सुधारने के उद्देश्य से किए जा रहे सर्वश्रेष्ठ प्रायोगिक अनुसंधान अथवा नवोन्मेष अथवा उत्पाद
• दिव्यांग व्यक्तियों के लिए बाधा रहित माहौल तैयार करने के लिए किया गया उत्कृष्ट कार्य
• पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाला सर्वश्रेष्ठ जिला
• राष्ट्रीय दिव्यांग वित्त और विकास निगम (एनएचएफडीसी) की सर्वश्रेष्ठ मार्गदर्शक एजेंसी
• सृजनशील वयस्क दिव्यांग व्यक्ति
• सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग बच्चा
• सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस
• पहुंच योग्य सर्वश्रेष्ठ वेबसाइट
• (1) दिव्यांग व्यक्तियों को अधिकार सम्पन्न बनाने के लिए बढ़ावा देने और (2) अभिगम्य भारत अभियान के कार्यान्वयन का सर्वश्रेष्ठ राज्य
• सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन को अधिकार सम्पन्न बनाने के विभाग ने राज्य सरकारों / संघ शासित प्रदेशों के प्रशासनों और केंद्रीय मंत्रालय/ विभागों को पत्र लिखकर विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नाम मांगे थे। पुरस्कार को प्रचार देने के लिए राष्ट्रीय/ क्षेत्रीय भाषा के दैनिक समाचार पत्रों में विज्ञापन भी प्रकाशित किया गया। राष्ट्रीय पुरस्कारों की विस्तृत योजना और विज्ञापन में बताया गया था कि आवेदन विभाग की वेबसाइट (www.disabilityaffairs.gov.in ) पर डाउनलोड करने योग्य फार्मेट में अपलोड कर दिया गया है।
विज्ञापन में राष्ट्रीय पुरस्कारों 2018 के लिए 21 प्रकार की विशिष्ट दिव्यांगता वाले व्यक्तियों से आवेदन मांगे गए थे, जिसे 17 जुलाई, 2018 को प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित किया गया था। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि तक कुल 1221 आवेदन प्राप्त हुए। इस उद्देश्य के लिए गठित स्क्रीनिंग समिति ने दिए गए दिशा निर्देशों में निर्धारित मानदंडों के अनुसार इन आवेदनों की जांच की। राष्ट्रीय चयन समिति ने 01 नवम्बर, 2018 को हुई अपनी बैठक में स्क्रीनिंग समिति द्वारा चुने गए आवेदनों पर विचार किया और राष्ट्रीय पुरस्कारों की 14 श्रेणियों में 72 पुरस्कार देने की सिफारिश की।
2017 तक पुरस्कार योजना राष्ट्रीय पुरस्कार नियम, 2013 के अंतर्गत संचालित थी जिसमें दिव्यांगजन कानून, 1995 के अनुसार अपंगता की 7 श्रेणियां दी गई थीं। दिव्यांगजनों को अधिकार कानून, 2016 के 19 अप्रैल, 2017 को अमल में आने के साथ ही नए कानून में दिव्यांगता की संख्या 7 से बढ़कर 21 हो गई। तदनुसार सभी 21 दिव्यांगताओं को राष्ट्रीय पुरस्कार दिशा-निर्देशों में शामिल किया गया जिन्हें भारत के दिनांक 2 अगस्त, 2018 के विशेष राजपत्र में अधिसूचित किया गया।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4414