नई दिल्ली, 12 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कनवोय मूवमेंट के जरिये ब्लॉक स्तर तक माल गाड़ियों के संचालन पर सितम्बर 2018 से विशेष बल दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम का लक्ष्य माल ढुलाई विशेष रूप से कोयला मार्गों पर रेलवे के जरिये माल ढुलाई की स्थिति में सुधार लाना है।
माल ढुलाई का यह नया तरीका कोरवा-बिलासपुर-अनुपुर-नई कटनी-अगासोद/बीना-झांसी-कोटा मार्ग, गाजियाबाद-इलाहाबाद-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग और बिलासपुर-झाड़सुगुडा-राउरकेला सेक्शन पर अत्यंत सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है। रेल मंत्री पीयूष गोयल इस कार्यक्रम के कार्यान्वयन पर विशेष निगरानी रख रहे हैं।
पीयूष गोयल ने आज रेलवे बोर्ड और जोनल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में इस कार्यक्रम की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाने में हर संभव योगदान करें। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने के लिए सफल प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा करते समय समग्र यात्री परिवहन और रखरखाव जरूरतों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4257