राष्ट्रपति ने भारतीय पुलिस सेवा के 70 आरआर '2017 बैच' के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया



नई-दिल्ली, 13 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

शुक्रवार 12 अक्टूबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनसे मिलने आये भारतीय पुलिस सेवा के 70 आरआर (2017 बैच) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने उनका स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी होने के नाते आपके कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। यह एक ऐसी सेवा है जो हमारी राष्ट्रीय प्रशासनिक प्रणाली के स्तंभों में से एक है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अखिल भारतीय सेवा के सदस्य होने के रूप में आप बेशक किसी एक राज्य में कार्य करेंगे लेकिन आप राष्ट्रीय विचार का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि आपकी मूल जिम्मेदारी आम नागरिकों की सेवा करना तथा सबसे निर्धन व्यक्ति तक न्याय सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि किसी आम नागरिक एवं विदेशी आगंतुक के लिए सरकार और शासन की छवि सिगनल पर ट्रैफिक कॉन्सटेबल एवं किसी पुलिस थाने में बीट ऑफिसर एवं स्वागत डेस्क अधिकारी के व्यवहार तथा बातचीत से बनती है। उन्होंने कहा कि यही संवेदनशीलता तथा पेशेवर बरताव पुलिस बल की निशानी होती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस अधिकारी के रूप में आप इस क्षेत्र में काफी योगदान दे सकते एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नाते आपको कई प्रकार की चुनौतियों से जूझना पड़ेगा। इनमें आतंकवाद एवं वाम चरमपंथ उग्रवाद की चुनौतियां शामिल हैं जिनके घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय दोनों ही आयाम हैं।

उन्होंने कहा कि आप समाज के विशिष्ट नागरिक है और आपको समाज एवं आम नागरिकों के प्रति सकारात्मक योगदान के जरिये अपने कर्तव्य का निर्वहन करना होगा।

https://www.indiainside.org/post.php?id=4049