मीडिया जगत की शीर्ष 10 कंपनियों ने की डिजिटल न्यूज पब्ल‍िशर्स एसोसिएशन के गठन की घोषणा



नई दिल्ली, 23 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

तेजी से उभरते हुए डिजिटल मीडिया प्लेफॉर्म की चुनौतियों को देखते हुए शुक्रवार को देश की दस दिग्गज मीडिया कंपनियों ने मिलकर डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) के गठन की घोषणा की है। इस एसोसिएशन में अध्यक्ष या सचिव जैसे कोई पद नहीं होंगे। एसोसिएशन के एक सदस्य ने बताया, 'इस संगठन में सभी सदस्य बराबर हैं।'

संगठन का मकसद सभी भाषाओं में सबसे विश्वसनीय खबरें उपलब्ध कराना और सभी सदस्यों के संपादकीय हितों को बढ़ावा देना है। इस संगठन में 10 संस्थापक सदस्य हैं, जो इस प्रकार हैं- टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडिया टुडे ग्रुप, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी, हिंदुस्तान टाइम्स, इंडियन एक्सप्रेस, अमर उजाला, ईनाडु और मलयाला मनोरमा। डीएनपीए में जल्द ही डिजिटल प्लेफॉर्म के और भी सदस्यों को जोड़ा जाएगा। यह एक स्व-वित्तपोषित संगठन है।

टाइम्स इंटरनेट के सीईओ गौतम सिन्हा ने कहा, 'यह सभी डिजिटल प्रकाशकों को एक मंच पर लाने की शानदार पहल है। अब हम आम एजेंडा तय कर सकते हैं और चर्चा कर सकते हैं तथा साथ ही मिलकर बड़ी छलांग लगा सकते हैं।'

टाइम्स इंटरनेट के सीओओ पुनीत गुप्त ने कहा, 'डीएनपीए के सभी पब्लिशर्स विश्वसनीय समाचारों के लिए खड़े हुए हैं। हमें यह ध्यान में रखना होगा कि जब भी यूजर्स हमारे प्लेटफॉर्म पर आते हैं तो हमें उन्हें प्रमाणिकता के साथ जानकारी देना सुनिश्चित करना होगा। हालांकि, जब हमारे कटेंट को किसी अन्य थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जाता है जो उसकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करना मुश्किल होता है। इस मंच से हम इस समस्या को हल करने की कोशिश करेंगे।'

इंडियन एक्सप्रेस डिजिटल मीडिया सर्विसेज की सीईओ दुर्गा रघुनाथ ने कहा कि अक्सर फेक न्यूज के बारे में भी चर्चा होती है और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम कभी फेक न्यूज को प्रसारित करने का माध्यम न बनें।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3874