उपभोक्‍ताओं को गेल की पाइपलाइन तक खुली पहुंच के लिए ऑनलाइन पोर्टल लांच



नई दिल्ली, 27 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उपभोक्‍ताओं को गेल की पाइपलाइनों से गैस पारेषण की सहज, प्रभावी, पारदर्शी और खुली सुविधा देने के लिए आज यहां एक ऑनलाइन पोर्टल जारी किया।

पोर्टल जारी करने के अवसर पर धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि यह पोर्टल देश में एक पारदर्शी और बाजार अनुकूल गैस व्‍यवसाय प्रणाली का मार्ग प्रशस्‍त करेगा। उन्‍होंने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान नीतिगत सुधारों से देश में गैस के उत्‍पादन में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार स्‍वच्‍छ ईंधन पर जोर दे रही है और इसके लिए गैस आयात अनुबंध नये सिरे से तय किए जा रहे हैं, जैव सीएनजी को प्रोत्‍साहित किया जा रहा है। जल्‍दी ही पीएनजी की आपूर्ति भी कई नये क्षेत्रों में शुरू कर दी जाएगी। उन्‍होंने कहा कि गैस की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव होता है, ऐसे में गैस के विपणन के लिए एक पारदर्शी प्रणाली जरूरी है।

पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि नया पोर्टल गैस पारेषण के क्षेत्र में उतरने वाले नये लोगों को कम लागत पर प्रभावी तरीके से गैस की आपूर्ति के लिए गेल के मौजूदा ढांचे का इस्‍तेमाल करने में मदद करेगा। उन्‍होंने कहा कि यह पोर्टल डिजिटल माध्‍यम से गैस के विपणन को विस्‍तार देने में ऐतिहासिक भूमिका अदा करेगा।

देश के गैस क्षेत्र में यह ऑनलाइन पोर्टल www.gailonline.com अपने किस्‍म का पहला पोर्टल है। इसके जरिए गैस उपभोक्‍ताओं को पाइपलाइन क्षमता के हिसाब से गैस पारेषण की बुकिंग ऑनलाइन करने की सुविधा दी जा रही है। यह पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर काम करेगी।

गेल के अध्‍यक्ष सह-प्रबंध निदेशक बी• सी• त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि इस ऑनलाइन पहल से गेल ने प्राकृतिक गैस पाइपलाइन तक उपभोक्‍ताओं की पहुंच के अनुभव को और बेहतर बनाया है। उन्‍होंने कहा कि गेल ने अपनी पारेषण पाइपलाइनों तक तीसरे पक्ष को पहुंच की सुविधा 2004 से ही दे रखी है। पिछले पांच वर्षों से 100 से ज्‍यादा छोटे-बड़े उपभोक्‍ताओं को नियमित रूप से यह सुविधा दी जा रही है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3667