किरेन रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश के स्कूली छात्रों से बातचीत की



नई दिल्ली, 24 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वृहस्पतिवार 23 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला से आए 10 छात्रों के एक समूह से मुलाकात की। छात्र, अरुणाचल स्काउट द्वारा आयोजित भ्रमण यात्रा (20 अगस्त, 2018 से 02 सितंबर, 2018) पर हैं। दिल्ली में छात्रों ने इंडिया गेट का भ्रमण किया और वे अन्य ऐतिहासिक स्थल जैसे राष्ट्रपति भवन कुतुबमीनार, हुमायूँ का मकबरा, लाल किला भी देखने जाएंगे। छात्र देहरादून और लखनऊ की भी यात्रा करेंगे, जहां वे वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई), भारतीय सैन्य संस्थान (आईएमए), व अन्य स्थानों का भ्रमण करेंगे।

छात्रों को संबोधित करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि जब वे वापस जाएंगे तो उन्हें अपने अनुभव परिजनों और मित्रों के साथ साझा करने चाहिए। छात्रों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और इन ऐतिहासिक स्थलों के बारे में अपनी जानकारी बढ़ानी चाहिए।

श्री रिजिजू ने कहा कि छात्रों को गैर-शिक्षण गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। अध्ययन के दौरान छात्रों को विषय को बेहतर ढंग से समझने पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें अपनी जानकारी बढ़ानी चाहिए। आज छात्रों को यह सुविधा है कि वे इंटरनेट से अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रतिस्पर्धी विश्व में आगे बढ़ने के लिए छात्रों में ज्ञान और आत्म विश्वास होना बहुत आवश्यक है।

उन्होंने यह यात्रा आयोजित करने के लिए अरुणाचल स्काउट्स को बधाई दी। यह यात्रा छात्रों को न सिर्फ शिक्षित करेगी बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी। हमारी सेनाएं देश में शांति और सुरक्षा कायम रखने के साथ ही समाज को बेहतर बनाने के लिए भी अपना योगदान दे रही है। किरेन रिजिजू ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3631