राजकीय सम्मान के साथ अटल जी पंचतत्व में विलीन



नई दिल्ली, 17 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आवास से सुबह नौ बजे उनका पार्थिव शरीर भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय के लिए रवाना हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर को फूलों से सजे सेना के एक ट्रक से भाजपा मुख्यालय तक लाया गया। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग भारी संख्या में उपस्थित थे। जैसे ही पार्थिव शरीर पार्टी मुख्यालय पहुंचा, लोग भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। उस वक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गेट के पास मौन खड़े थे। अपने चहेते नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पार्टी कार्यालय के बाहर जुटने लगे थे। भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम दर्शन के लिए विशिष्ट जनों और आम जनता का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और माकपा नेता सीताराम येचुरी सहित कई नेताओं और हजारों लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

भाजपा मुख्यालय से स्मृति स्थल तक 5 किलोमीटर लम्बे मार्ग पर अटल जी की अंतिम यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित हजारों की तादाद में लोग पैदल चले। पहले से तय समय अनुसार अटल जी का पार्थीव शरीर शाम 4 बजे यमुना नदी किनारे स्थित राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर पहुंचा। स्मृति स्थल पर तीनो सेना प्रमुखों ने पूर्व प्रधानमंत्री को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू सहित कई दिग्गज नेताओ ने अजातशत्रु अटल बिहारी वाजपेयी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गयी। तत्पश्चात मंत्रोच्चार के साथ उनके पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी। पुत्री नमिता भट्टाचार्य ने अटल जी के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। और हम सभी के चहेते अटल जी पंचतत्व में विलीन हो गए।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3587