विद्युत अपीलीय ट्रिब्यूनल की नई अध्यक्ष न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर



नई दिल्ली, 13 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर ने आज यहां विद्युत मंत्रालय में विद्युत अपीलीय ट्रिब्यूनल की अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। इससे पहले न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर बॉम्बे हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश थीं।

न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति के• एन• पाटिल, तकनीकी सदस्य एस• डी• दुबे, आई• जे• कपूर और बी• एन• तालुकदार इस अवसर पर उपस्थित थे। ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एम• जी• रामचंद्रन ने न्यायपीठ (बेंच) को दैनिक कामकाज में बार के सदस्यों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बड़ी संख्या में अधिवक्‍ता और अन्य प्रतिष्ठित अतिथि भी इस समारोह में उपस्थित थे।

न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर का जन्म कर्नाटक में 5 दिसंबर, 1955 को हुआ था। उन्‍होंने बेल्लारी स्थित अल्‍लम सुन्मंगलमा महिला कॉलेज से कला में स्नातक की डिग्री प्राप्‍त की थी। उन्‍होंने रेनुकाचार्य लॉ कॉलेज, बेंगलुरू से कानून की डिग्री प्राप्‍त की थी। वर्ष 1977 में भारत के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इंग्लैंड के वारविक विश्वविद्यालय में महिला-पुरुष समानता से जुड़े विषय के साथ-साथ कानून फेलोशिप के लिए प्रायोजित किया था। वर्ष 2013 में न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर को कर्नाटक राज्य महिला विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त हुई थी।

न्यायमूर्ति मंजुला चेल्लूर कलकत्ता उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश थीं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3540