अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने कार्गो मालिकों और जहाजरानी करोबारियों के लिए शुरु किया नया पोर्टल



नई दिल्ली, 01 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने जहाजों की उपलब्धता पर वास्तविक समय डेटा के साथ कल रसद आपरेटरों और जहाजरानी कारोबारियों को जोड़ने वाला एक समर्पित पोर्टल शुरु किया। यह पोर्टल जहाजरानी ऑपरेटरों, शिपर्स और कार्गो मालिकों के बीच सीधे संपर्क का जरिया बनेगा। अभी तक बाजार में जहाजों की उपलब्धता जानने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। इसे विभिन्न राष्ट्रीय जलमार्गों पर क्षमता विकास के इष्टतम उपयोग के लिए अपनी तैयारी के हिस्से के रूप में आईडब्ल्यूएआई के आईटी विभाग और यातायात इकाई द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है।

इस पोर्टल को कार्गो-मालिकों और रसद-ऑपरेटरों के मंच (फोकल) का नाम दिया गया है। पोर्टल का लिंक आईडब्ल्यूएआई की वेबसाइट www.iwai.nic.in के मुखपृष्ठ पर उपलब्ध है। पोर्टल का शुभारंभ करने के अवसर पर आईडब्ल्यूएआई की अध्यक्ष एम• एस• नूतन गुहा विश्वास ने कहा कि यह कदम भौतिक और बौद्धिक संपदा में महत्वपूर्ण हस्तक्षेपों के माध्यम से भारत में अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) को बढ़ावा देने की आईडब्ल्यूएआई की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।

फोकल लॉजिस्टिक ऑपरेटरों से कार्गो मालिकों की जरुरतों को पूरा करने की प्रक्रियाओं को सुविधाजनक बनाएगा। उपयोगकर्ता इस सेवा का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं और फिर जहाजों या उपलब्ध माल का विवरण पा सकते हैं। कार्गो मालिक इस पोर्टल पर भेजे जाने वाले माल की सारी जानकारी जैसे माल कहां से कहां भेजा जा रहा है और किस प्रकार का है, सब डाल सकते हैं।

सुविधा प्रदाता से समन्वक की भूमिका मे आये आईडब्ल्यूएआई के पास खुद अपने भी कुछ जहाज हैं। वह अंदतर्देशीय जल मार्गो की तकनीकी और ​वाणिज्यिक क्षमताओं को स्थापित करने के लिए काम कर रहा है। सरकार एकीकृत परिवहन नेटवर्क नीति के तहत देश के जलमार्गों को परिवहन के मुख्य माध्यम के रूप में विकसित करने का काम कर रही है। इससे देश मे उस परिवहन मॉडल को सुधारा जा सकेगा जो अर्थव्यवस्था पर लॉजिस्टिक लागत का भारी बोझ डालता है। वर्तमान में देश में लॉजिस्टिक सेवाओं की लागत जीडीपी का 15 प्रतिशत है जो अमेरिका की तुलना में दोगुनी है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3430