नई दिल्ली, 09 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
सीबीएसई ने 8 जुलाई, 2018 को देश के 91 शहरों में 7वीं यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन किया। परीक्षा 84 विषयों में आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए कुल 11,48,235 अभ्यर्थियों का पंजीयन किया गया था। यूजीसी नेट परीक्षा के लिए यह उम्मीदवारों की सबसे बड़ी संख्या है।
यूजीसी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस परीक्षा में 2 मुख्य बदलाव किए गए थे।
• वस्तुनिष्ठ प्रकार के दो प्रश्न पत्र थे (प्रश्न पत्र 1 सामान्य प्रकृति का प्रश्न पत्र था, प्रश्न पत्र 2 परीक्षार्थी द्वारा चुने गए विषय पर आधारित था)। यूजीसी नेट की पहले आयोजित परीक्षाओं में तीन प्रश्न पत्र होते थे (प्रश्न पत्र 1 सामान्य प्रकृति का, प्रश्न पत्र 2 और प्रश्न पत्र 3 परीक्षार्थी द्वारा 84 विषयों में से चुने गए विषय पर आधारित होते थे)।
• पहले प्रश्न पत्र 2 में 50 प्रश्न तथा प्रश्न पत्र 3 में 75 प्रश्न होते थे। इन दोनों प्रश्न पत्रों को मिलाकर प्रश्न पत्र 2 तैयार किया गया है। इसमें कुल 100 प्रश्न हैं। प्रश्न पत्र 1 की समयावधि को 1.15 घंटे से कम करके एक घंटा कर दिया गया है। प्रश्न पत्र 2 के लिए समयावधि 2 घंटे है।
पूरे देश में 2082 परीक्षा केंद्र थे। कुल 2864 पर्यवेक्षकों तथा 675 बोर्ड अधिकारियों को परीक्षा को सफलतापूर्वक तथा सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए इन परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त किया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से तथा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
यूजीसी की नीति के अनुसार वैसे 6 प्रतिशत परीक्षार्थियों को, जो दोनों विषयों में न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त करते हैं, नेट उत्तीर्ण घोषित किया जाएगा। उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को यूजीसी द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रदान किए जायेंगे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=3208