नई दिल्ली, 04 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) ने 16 से 30 जून 2018 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया। केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिराज सिंह ने आज प्रवासी भारतीय केन्द्र, नई दिल्ली में पुरस्कार वितरित किये। औद्योगिक कलस्टर, राष्ट्रीय लघु उद्योग लिमिटेड (एनएसआईसी) के उद्योग संघ तथा क्षेत्रीय कार्यालय, खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), डीसी (एमएसएमई) को स्वच्छ भारत अभियान में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह दूसरा वर्ष है जब मंत्रालय ने स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किये और औद्योगिक समूहों तथा अन्य क्षेत्रों के कार्यालयों के लिए स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया।
स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान मंत्रालय और इसके अधीनस्थ संगठनों जैसे केवीआईसी, एनएसआईसी राष्ट्रीय एमएसएमई संस्थान और एमएसएमई विकास संस्थानों ने विभिन्न गतिविधियों जैसे बारिश के पानी के संचयन, कचरे का निपटान, सरकारी स्कूलों में शौचालयों को अपनाने पर चर्चा की। केवीआईसी ने नई दिल्ली के जगतपुरा गांव को मॉडल स्वच्छ गांव बनाने के लिए एक साल के लिए गोद लिया है। इसके अलावा जागरूकता अभियानों और संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। वृक्षारोपण, चित्रकला, निबंध लेखन, वाद विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
मंत्रालय और उसके सहयोगी संगठनों ने देशभर में स्वच्छता अभियान आयोजित किये जिनमें 11 गांव और विकास खंड, 4 झुग्गी बस्तियां, 5 बाजार वाले स्थान, 5 नदी तट, 2 रेलवे स्टेशन, 2 बस स्टॉप और ओडिशा के पुरी का एक समुद्र तट शामिल है। इस अवसर पर एमएसएमई सचिव डॉ• अरूण कुमार पांडा, स्वच्छ भारत अभियान के महानिदेशक अक्षय राउत और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=3162