नई दिल्ली, 27 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● महिला और बाल विकास मंत्रालय 28 जून को नई दिल्ली में पोषण अभियान के लिए प्रौद्योगिकी साझेदारी पर संगोष्ठी-टेक-थॉन आयोजित करेगा
महिला और बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार 28 जून, 2018 को प्रवासी भारतीय केंद्र, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की समग्र पोषण की अति महत्वपूर्ण योजना पोषण अभियान को बढ़ावा देने के लिए प्रौद्योगिकी साझेदारी विषय पर 'टेक-थॉन' नामक एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित करेगा।
संगोष्ठी में महिला और बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी और महिला और बाल विकास राज्य मंत्री डॉ• वीरेंद्र कुमार उपस्थित होंगे। नीति आयोग के उपाध्यक्ष संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे और पोषण अभियान के जन आंदोलन के लिए दिशानिर्देश जारी करेंगे। संगोष्ठी में इस अभियान से जुड़े केन्द्रीय मंत्रालयों के सचिव भी प्रौद्योगिकी सहायता पर चर्चा करेंगे और पोषण अभियान के बारे में अपने विचार साझा करेंगे। संगोष्ठी में राज्यों के महिला और बाल विकास मंत्रालय / सामाजिक न्याय विभाग में सचिव, आईसीडीएस / पोषण अभियान के निदेशक प्रभारी और राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के नोडल अधिकारी भी उपस्थित होंगे। इस संगोष्ठी का आयोजन इस पहल के लिए वातावरण तैयार करने, विचारों के आदान-प्रदान और प्रौद्योगिकी सहायता के लिए सहयोग तथा साझेदारी के अवसर तलाशने के लिए किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त इसका मकसद पोषण के प्रति लोगों के व्यवहार में प्रभावी परिवर्तन लाकर जन आंदोलन शुरू कर लाभार्थियों तक पहुंच बनाना है।
संगोष्ठी में कई मंत्री, भारत सरकार और राज्यों / केन्द्र शासित प्रदेशों के शीर्ष नीति निर्माता, यूनीसेफ, विश्व बैंक, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), डब्ल्यूएफपी जैसे बहुपक्षीय साझेदार संस्थानों के प्रतिभागी, महिला एवं बाल विकास विभाग के साझेदार – टाटा न्यास, बिल एंड मेलिंडा गैट्स फाउंडेशन (बीएमजीएफ), परोपकारी निजी क्षेत्र (अर्थात सीएसआर) और सिविल सोसायटी संगठन के सदस्य शामिल होंगे। इनके अतिरिक्त पैनल चर्चा के लिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख विशेषज्ञ प्रौद्योगिकी सहयोग तथा साझेदारी के अवसरों पर अपने विचार साझा करेंगे।
प्रवासी भारतीय केंद्र की गैलरी में पोषण अभियान की प्रौद्योगिकी और अन्य सामग्री की एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। संगोष्ठी में लगभग 300 प्रतिभागियों के शामिल होने की आशा है।
प्रधानमंत्री द्वारा पोषण अभियान (राष्ट्रीय पोषण मिशन) का शुभारंभ 8 मार्च, 2018 को झुंझनू, राजस्थान में किया गया था।
पोषण अभियान के बारे में अधिक जानकारी के लिए नीचे दिये गये लिंक पर क्लिक करें - http://www.icds-wcd.nic.in/nnm/home.htm
https://www.indiainside.org/post.php?id=3081