केंद्रीय गृह मंत्री से मिले पंजाब व नगालैंड के मुख्यमंत्री



नई दिल्ली, 19 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● पंजाब के मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री से मिले

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लक्षित हत्याओं के जरिए राज्य में गड़बड़ी फैलाने की कोशिशों से जुड़े मुद्दों सहित आम काननू-व्यवस्था के बारे में गृहमंत्री राजनाथ सिंह को जानकारी दी। राज्य में पिछले डेढ़ साल के दौरान लक्षित हत्याओं की कई घटनाएं हुईं।

हत्या की ऐसी घटनाओं पर पंजाब के मुख्यमंत्री की जताई गई चिंता पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सहमति जताई। राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार द्वारा आग्रह किए जाने पर केंद्र सरकार की तरफ से सभी संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इन घटनाओं की जांच में केंद्रीय एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे समर्थन की प्रशंसा की। हत्या की इन घटनाओं की एनआईए जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने समन्वित तरीके से स्थिति से निपटने के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय गृह सचिव राजीब गौबा और गृह मंत्रालय एवं पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।


● नगालैंड के मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री से मिले

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियो रियो केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिले। मुख्यमंत्री ने राज्य में हालात और पुलिस में ढांचागत सुधार जैसे उन मुद्दों के बारे में गृहमंत्री को जानकारी दी जिनमें राज्य सरकार को केंद्र से मदद की जरूरत है।

इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज गंगाराम अहीर, गृह सचिव राजीब गौबा और गृह मंत्रालय एवं नगालैंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2413