प्रधानमंत्री दिल्‍ली में डॉ• अम्‍बेडकर राष्‍ट्रीय स्‍मारक का उद्घाटन करेंगे



नई दिल्ली, 12 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● प्रधानमंत्री 13 अप्रैल को दिल्‍ली में डॉ• अम्‍बेडकर राष्‍ट्रीय स्‍मारक का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी डॉ• भीम राव अम्‍बेडकर के 26 अलीपुर रोड, दिल्‍ली स्थित महापरिनिर्वाण स्‍थल पर डॉ• अम्‍बेडकर राष्‍ट्रीय स्‍मारक का उद्घाटन करेंगे। यह स्‍मारक भारत के संविधान निर्माता डॉ• अम्‍बेडकर के जीवन और उनके योगदान को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने 21 मार्च, 2016 को इसकी आधारशिला रखी थी।

भारत रत्‍न बाबा साहब डॉ• भीम राव अम्‍बेडकर का जन्‍म मध्‍य प्रदेश में मऊ में 14 अप्रैल, 1891 को हुआ था और वह स्‍वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री थे। 1 नवम्बर, 1951 को केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल से इस्‍तीफा देने के बाद, डॉ• अम्‍बेडकर 26, अलीपुर रोड, दिल्‍ली में सिरोही के महाराजा के घर में रहने लगे जहां उन्‍होंने 6 दिसम्‍बर, 1956 को आखिरी सांस ली और महापरिनिर्वाण प्राप्‍त किया। डॉ• अम्‍बेडकर की स्‍मृति में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 2 दिसम्‍बर, 2003 को महापरिनिर्वाण स्‍थल राष्‍ट्र को समर्पित किया था। बाबा साहब के अनुयायी उस स्‍थान को पवित्र मानते हैं जहां उन्‍होंने महापरिनिर्वाण प्राप्‍त किया। चूंकि इस इमारत को संविधान निर्माता बाबा साहब के स्‍मारक के रूप में निर्मित किया गया है, इमारत को पुस्‍तक का आकार दिया गया है।

इस इमारत में एक प्रदर्शनी स्‍थल, स्‍मारक, बुद्ध की प्रतिमा के साथ ध्‍यान केन्‍द्र, डॉ• अम्‍बेडकर की 12 फुट की कांस्‍य प्रतिमा है। प्रवेश द्वार पर अशोक स्‍तम्‍भ (11 मीटर) और पीछे की तरफ ध्‍यान केन्‍द्र बनाया गया है। इसमें सीवेज शोधन संयंत्र (30 केएलडी), वर्षा जल सिंचाई प्रणाली और नेट मीटरिंग के साथ छत पर सौर ऊर्जा (50 किलोवाट) संयंत्र स्‍थापित किया गया है। इमारत 7374 वर्ग मीटर क्षेत्र में खड़ी की गई है और इसका कुल निर्मित क्षेत्र 6758 वर्ग मीटर है।

• मुख्‍य विशेषताएं:

ध्‍यान केन्‍द्र : मुख्‍य इमारत के पिछले हिस्‍से में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ ध्‍यान केन्‍द्र

संगीतमय फव्‍वारा : संगीत और तरह-तरह की लाइटों के साथ संगीतमय फव्‍वारा

सामने की तरफ प्रकाश व्‍यवस्‍था : इमारत का रूप रंग बेहतर दिखाई दे इसके लिए सामने की तरफ प्रकाश व्‍यवस्‍था

छतरी : बौद्ध छतरी में डॉ• अम्‍बेडकर की आवक्ष प्रतिमा

बोधि वृक्ष : बाहरी हिस्‍से में रोपा गया

तोरण द्वार : संख्‍या 02

ए. वी. संग्रहालय : स्थिर मीडिया, गतिशील मीडिया और श्रव्‍य दृश्‍य विषय वस्‍तु तथा मल्‍टीमीडिया टेक्‍नोलॉजी के जरिए उनके जीवन और आधुनिक भारत को उनके योगदान की जानकारी में तल्‍लीन कर देने वाला संग्रहालय।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2341