माइंस सेफ्टी के क्षेत्र में अमलोरी और कृष्णशिला अव्वल



---हरिओम पाण्डेय, सिंगरौली, 02 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

■ ‘खान सुरक्षा सप्ताह – 2017’ के पारितोषिक वितरण समारोह में उत्कृष्ट खदान एवं कर्मचारी सम्मानित

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में रविवार को मनाए गए ‘खान सुरक्षा सप्ताह – 2017’ के पारितोषिक वितरण समारोह में खान सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न श्रेणियों में सिंगरौली परिक्षेत्र की विभिन्न कोयला खदानों को पुरस्कृत किया गया। दुधीचुआ क्षेत्र के सेक्टर बी एंड सी स्टेडियम में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में खान सुरक्षा की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
खदानों की क्षमताओं के आधार पर उन्हें ‘ए’ एवं ‘बी’ दो वर्गों में बांटा गया। बड़ी खदानों के ग्रुप ‘ए’ में अमलोरी क्षेत्र ने ओवर ऑल विजेता एवं जयंत क्षेत्र ने उपविजेता का पुरस्कार जीता। इसी तरह छोटी खदानों के ग्रुप ‘बी’ में कृष्णशिला क्षेत्र पहले और ब्लॉक-बी क्षेत्र दूसरे स्थान पर रहा।
विद्युत एवं यांत्रिकि (ई॰ एंड एम॰) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने में ग्रुप ‘ए’ में रिलायंस खदान पहले और अमलोरी क्षेत्र दूसरे स्थान पर रहा। ग्रुप ‘बी’ में बीना क्षेत्र ने पहला और ककरी क्षेत्र ने दूसरा पुरस्कार प्राप्त किया। उत्कृष्ट उत्खनन कार्यों हेतु ग्रुप ‘ए’ में निगाही क्षेत्र विजेता और जयंत क्षेत्र उपविजेता बना। ग्रुप ‘बी’ में जे॰ पी॰ पावर और बीना क्षेत्र क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहे।
ओवर बर्डन आउटसोर्सिंग के क्षेत्र के उत्कृष्ट कार्य करने में ग्रुप ‘ए’ में निगाही अव्वल और खड़िया दूसरे स्थान पर रहा। ग्रुप ‘बी’ में ब्लॉक-बी ने प्रथम और कृष्णशिला ने दूसरा पुरस्कार जीता। खनन कार्यों में ग्रुप ‘ए’ में रिलायंस और निगाही क्रमशः पहले एवं दूसरे स्थान पर रहे। ग्रुप ‘बी’ में कृष्णशिला विजेता एवं ब्लॉक-बी उपविजेता बना।
खान सुरक्षा सप्ताह – 2017 पारितोषिक वितरण समारोह के मेजबान दुधीचुआ क्षेत्र के स्टॉल को कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी का सर्वश्रेष्ठ स्टॉल चुना गया, जबकि रिलायंस का स्टॉल दूसरे स्थान पर रहा। समारोह में निकली गई विभिन्न क्षेत्रों/इकाइयों की झांकियों में एनसीएल की केंद्रीय कर्मशाला (सीडब्ल्यूएस) की झांकी सर्वश्रेष्ठ झांकी चुनी गई, जबकि दुधीचुआ को द्वितीय पुरस्कार मिला।

विश्वस्तरीय खदान बनने के लिए दुधीचुआ क्षेत्र को विशिष्ट पुरस्कार
कार्यक्रम में मेजबान दुधीचुआ क्षेत्र को विशिष्ट पुरस्कार से नवाजा गया। गत जुलाई में भारत सरकार के कोयला सचिव सुशील कुमार ने अपने एनसीएल दौरे के दौरान दुधीचुआ खदान का निरीक्षण किया और खदान की ज्यामितीय संरचना, डंप प्रोफ़ाइल एवं हॉल रोड की सराहना की। श्री कुमार की अनुसंशा के आधार पर भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने दुधीचुआ खदान को एक एक विश्व स्तरीय खदान की रेटिंग दी। दुधीचुआ क्षेत्र की इस शानदार कामयाबी के लिए समारोह में क्षेत्र को विशिष्ट सम्मान दिया गया।
‘वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह – 2017’ के पारितोषिक वितरण समारोह में भारत सरकार के खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के महानिदेशक पी॰ के॰ सरकार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पी॰ के॰ सिन्हा ने की। कार्यक्रम में उपमहानिदेशक, खान सुरक्षा महानिदेशालय उत्तरीय अंचल, गाजियाबाद एम॰ सत्यमूर्ति, निदेशक (खान सुरक्षा) खान सुरक्षा महानिदेशालय, वाराणसी यू॰ पी॰ सिंह, डीजीएमएस के उप महानिदेशक (इलेक्ट्रिकल) श्री एम॰ सहाय, एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पाण्डेय, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) पी॰ एम॰ प्रसाद, एनसीएल के निदेशक (वित्त) पी॰एस॰आर॰के॰शास्त्री, एनसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) वी॰ के॰अग्रवाल, दुधीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक एम॰ के॰ प्रसाद बतौर विशिष्ट अतिथि सपत्नीक उपस्थित थे। साथ ही, एनसीएल जेसीसी सदस्य श्री मुन्नीलाल यादव एवं अशोक दूबे और सासन पावर लिमिटेड के सीईओ ए॰के॰सिंह भी बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2226