Logo

बक्सर जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन से छठ घाटों तक किया क्षेत्र भ्रमण, तैयारियों का लिया जायजा



बक्सर - बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज।

● अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर मंगलवार 10 नवंबर, 2026 को जिलाधिकारी, बक्सर साहिला ने बक्सर रेलवे स्टेशन, रामरेखा घाट, बस स्टैंड एवं गोलंबर सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। रेलवे स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक एवं कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को नियमित छठ गीत प्रसारण, साफ-सफाई, रंग-रोगन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा हेतु हेल्प डेस्क एवं तोरण द्वार लगाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिष्ठापित बाल सहायता केंद्र को क्रियाशील करने को कहा।

रामरेखा घाट पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, प्रवेश एवं निकास मार्गों के चिन्हांकन, फ्लैक्स-बैनर लगाने तथा लेजर शो के संचालन हेतु सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने एवं भीड़ प्रबंधन के लिए आवागमन मार्गों पर स्पष्ट पथ-चिह्नांकन सुनिश्चित करने को कहा।

बस स्टैंड एवं गोलंबर पर पर्याप्त साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, तोरण द्वार लगाने एवं नियमित रूप से छठ गीतों का प्रसारण कराने का निर्देश दिया। छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ज्ञात हो कि जिला प्रशासन, बक्सर द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10711