हावड़ा में गणेश पूजा की धूम, मिनी मुम्बई सा दिखा शहर



हावड़ा
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर इस बार हावड़ा शहर में गणपति बप्पा की भक्ति का रंग देखते ही बन रहा है। शहर के उत्तर हावड़ा, मध्य हावड़ा, दक्षिण हावड़ा से लेकर ग्रामीण हावड़ा तक जगह-जगह भव्य पूजा मंडप तैयार कर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। पूरे शहर का माहौल मानो मिनी मुम्बई जैसा नजर आ रहा है।

उत्तर हावड़ा के साल्किया स्थित उड़ियापाड़ा में पिछले 27 वर्षों से गणेश पूजा का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष भी यहां भव्य मंडप तैयार कर विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में शामिल होने पहुंचे।

वहीं, नमक गोलाघाट इलाके में आदर्श एजुकेशन कल्चर एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी तथा नमक गोलाघाट मॉर्निंग वॉकर समूह की ओर से गणेश मन्दिर में भव्य पूजा का आयोजन किया गया। पूजा के साथ देर शाम भक्ति गीत-संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी। साथ ही बुधवार को भव्य भंडारा की भी व्यवस्था की गयी थी जिसमें लगभग 4 हजार से अधिक लोग सम्मिलित हुए।

पंजाब लाइन इलाके में भी कई पूजा मंडपों में भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। इसी तरह मध्य हावड़ा के काजीपाड़ा, कुंडलबागान, कदमतला तथा पावर हाउस के आसपास गणपति पूजा को लेकर विशेष आयोजन किए गए हैं।

दक्षिण हावड़ा के बेताईतला बाजार, बी. कॉलेज गेट के आसपास और शालीमार स्टेशन के नजदीक भी कई स्थानों पर आकर्षक मंडप बनाकर गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई है। इन पूजा मंडपों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है।

आयोजकों के अनुसार, हावड़ा में गणेश पूजा का आयोजन हर वर्ष होता है, लेकिन इस बार पूजा को बड़े पैमाने पर आयोजित किया गया है। कई स्थानों पर विशाल और आकर्षक मंडप बनाए गए हैं। पूजा के साथ सांस्कृतिक, भक्ति और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है, जो अगले तीन से चार दिनों तक चलेंगे। गणपति बप्पा की भक्ति में डूबा हावड़ा इस बार श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10631