--अभिजीत पाण्डेय
पटना - बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज।
भगवान श्री कृष्ण केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि धर्म, नीति, कर्म, न्याय और लोककल्याण के महान संदेशवाहक हैं। श्री कृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देता है।
श्री कृष्ण पूजा समिति द्वारा आयोजित भव्य मेला एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में सोमवार को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भगवान श्री कृष्ण को नमन करते हुए संबोधित किया। अपने संबोधन में डॉ. कुमार ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्री कृष्ण ने कर्म को सर्वोच्च महत्व दिया है। उनका संदेश है कि मनुष्य को अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करना चाहिए। आज के समय में समाज के युवाओं को श्री कृष्ण के चरित्र, उनके संघर्ष और उनके जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
डॉ. कुमार ने कहा कि मेले और धार्मिक आयोजन हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने श्री कृष्ण पूजा समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने भगवान श्री कृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को बढ़ावा मिलता है।
वहीं बरौनी नगर परिषद के चेयरमैन एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणविजय रोशन ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में श्री कृष्ण पूजा समिति के पदाधिकारी, सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। भक्ति एवं उत्सव के माहौल में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10617