रामपुरा - कोटा
राजस्थान, इंडिया इनसाइड न्यूज।
●शिक्षक दिवस समारोह
●श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह
●मतदान जागरूकता शपथ समारोह
राजकीय कन्या महाविद्यालय, रामपुरा, कोटा में शुक्रवार 4 सितम्बर, 2026 को शिक्षक दिवस समारोह, श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह और मतदान जागरूकता शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर छात्राओं द्वारा गुरू के महत्व एवं जीवन में उनकी महत्ता संम्बधी विचार प्रस्तुत किये गए। छात्राओं द्वारा शिक्षकों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पूर्णचन्द्र उपाध्याय द्वारा छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए अनुशासन एवं समय के सदुपयोग की सीख दी गयी।
वहीं श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा राधा-कृष्ण की मनमोहक वेषभूषा धारण कर नृत्य नाटिका, कृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत गीत एवं अन्य आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियांँ दी गईं। छात्राओं की सुंदर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर पूर्णचंद्र उपाध्याय ने छात्राओं को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए छात्राओं को भगवान श्री कृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने से संबंधित प्रेरणादायक वचन कहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का अद्वितीय प्रदर्शन किया। जन्माष्टमी के इस आयोजन द्वारा भारतीय संस्कृति, परम्परा एवं श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
वहीं स्वीप कार्यक्रम के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय में मतदाता शपथ एवं चुनावी प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं को मतदान के प्रति जागरूकता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी हेतु मतदाता शपथ दिलायी गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पूर्णचन्द्र उपाध्याय ने छात्राओं को शपथ दिलाते हुए मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा छात्राओं को अपने मताधिकार का जिम्मेदारी पूर्वक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चुनावी प्रश्नोत्तरी में छात्राओं से भारत की चुनाव प्रणाली एवं चुनावी इतिहास से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने उत्साह पूर्वक सहभागिता निभायी गयी। विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मतदान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ तथा अपने मताधिकार के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
इन अवसरों पर महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्य - डॉ. ऋतु वर्मा, डॉ. वैशाली मालव, डॉ. टीना शर्मा, डॉ. तरन्नुम, डॉ. सुधांशु गौतम, डॉ. अंजना जाटव, डॉ. स्नेहलता शर्मा, डॉ. अचल अरविन्द सहित समस्त स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10611