श्रमिकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों - जैसे वेतन संशोधन, डीए और संबंधित मामले को प्राथमिकता दी जाए: अर्जुन सिंह



दार्जिलिंग
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

सोमवार को सिन्कोना निदेशालय की प्रशासनिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पश्चिम बंगाल सरकार में श्रम और परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने किया। बैठक मे दार्जिलिंग से सांसद राजू बिष्ट, पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष, गृह और पहाड़ी मामलों विभाग के राज्य मंत्री विशाल लामा, क्षेत्र के निर्वाचित विधायक, श्रम विभाग के प्रधान सचिव, जीटीए के प्रधान सचिव, जिलाधिकारी, सिन्कोना निदेशक, सीएमओएच और राज्य व जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक में सिन्कोना बागानों के श्रमिकों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जिसमें स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, पीने के पानी और आवास की व्यवस्था, 'पर्चा पट्टा' (भूमि अधिकार), वेतन और अन्य भत्तों में समय पर संशोधन, महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान न होना, सिन्कोना बागानों में विविधता और आधुनिकीकरण की कमी, और सभी खाली पदों पर समय पर नियुक्ति जैसे मुद्दे शामिल थे।

वहीं मंत्री अर्जुन सिंह ने श्रम विभाग के प्रधान सचिव और जिलाधिकारियों को उचित निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों - जैसे वेतन संशोधन, डीए और संबंधित मामले को प्राथमिकता दी जाए।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सरकार सिन्कोना बागान को आधुनिक बनाने और उसे फिर से जीवंत करने के लिए काम कर रही है। इसके लिए एक व्यापक योजना तैयार की जा रही है, जिसे आने वाले दिनों में लागू किया जाएगा। जिससे बागानों को फिर से बेहतर बनाया जा सके।

सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि मुंगपू को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, अनुसंधान और आर्थिक अवसरों के केंद्र के रूप में विकसित करेंगे। हम युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेंगे, महिलाओं को सशक्त बनाएंगे, गांवों को मजबूत करेंगे और ऐसी अर्थव्यवस्था बनाएंगे जिससे हर परिवार को लाभ हो।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10572