वाराणसी - उत्तर प्रदेश
इंडिया इनसाइड न्यूज।
■युग तुलसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कोली शेट्टी शिवकुमार ने गोपाष्टमी पर दिल्ली में प्रस्तावित महा धरना एवं जनसभा में शामिल होने के लिए काशी के लोगों किया आह्वान
गोसंरक्षण और देशी गोवंश के संरक्षण की मांग को लेकर युग तुलसी पार्टी ने आगामी 17 नवंबर को पवित्र गोपाष्टमी के अवसर पर राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर "गोपाष्टमी – चलो दिल्ली" शीर्षक से महा धरना एवं विशाल जनसभा आयोजित करने की घोषणा की है। कार्यक्रम प्रातः 8:00 बजे से शुरू होगा।
इस बाबत युग तुलसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सदस्य तिरुपति देवस्थानम (टीटीपी बोर्ड) एवं पीएम मोदी के खिलाफ वाराणसी संसदीय सीट से चुनाव लड़ चुके कोली शेट्टी शिवकुमार ने देशभर के सनातन धर्म प्रेमियों, गौभक्तों और सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और आध्यात्मिक परंपरा में देशी गोवंश का विशेष महत्व है तथा इसके संरक्षण के लिए केंद्र सरकार को प्रभावी और कठोर कदम उठाने चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कोली शेट्टी शिवकुमार ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। इनमें गोमाता को "राष्ट्रमाता" का संवैधानिक दर्जा देने, केंद्र में स्वतंत्र गोपाल मंत्रालय की स्थापना, देशभर में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोचर भूमि संरक्षण के लिए अलग कानून लागू करने, देशी गोवंश के संरक्षण तथा पॉलीथिन पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने और गो-आधारित प्राकृतिक कृषि एवं पंचगव्य अनुसंधान को बढ़ावा देने जैसी मांगें शामिल हैं।
आयोजकों का दावा है कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्मा, गौसेवा से जुड़े संगठन, किसान और बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल होंगे। उन्होंने सभी समर्थकों से 17 नवंबर को जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10566