एनकेएस न्यूज़ चैनल के नए कार्यालय का उद्घाटन मंत्री उमेश राय ने किया



--राज कुमार साव
हावड़ा-पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

रविवार संध्या हावड़ा के घुसुड़ी - गिरीश घोष लेन स्थित एनकेएस न्यूज़ चैनल के नए कार्यालय का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान से हुआ। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए जिसमें छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। शिक्षा को बढ़ावा देने के उदेश्य से वहीं सैकड़ों बच्चों में पाठ्य सामग्री - बैग, पाठ्यपुस्तक सहित मिठाई भी वितरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, स्थानीय नागरिक, पत्रकार और "विशेष अतिथि बच्चे" मौजूद रहे। सभी अतिथियों का सम्मान अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उत्तर हावड़ा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक, पश्चिम बंगाल सरकार में शहरी विकास एवं नगर पालिका विभाग के राज्यमंत्री उमेश राय उपस्थित हुए। उन्होंने विधिवत फीता काटकर नए कार्यालय का उद्घाटन किया और एनकेएस न्यूज़ चैनल के समूचे दल को शुभकामनाएं देते हुए "निष्पक्ष एवं जनहित" की पत्रकारिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आप पत्रकारिता का धर्म निभाते रहें। गलत को उजागर करें, चाहे गलती करने वाला भाजपा का कार्यकर्ता ही क्यों न हो। आप नि:संकोच अपना धर्म निभाएं। मैं आपके साथ हूँ।

कार्यक्रम में बाली से भाजपा विधायक संजय सिंह सहित अनेक उत्तर हावड़ा और बाली के भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इस पहल की सभी अतिथियों ने सराहना की और इसे शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास बताया।

इस अवसर पर नंदकिशोर साव के सामाजिक योगदान और इस सफल आयोजन के लिए उन्हें विशेष धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित लोगों ने उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनसेवा के कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उद्घाटन समारोह उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10508