बाली को कचरा-मुक्त और जलजमाव-मुक्त बनाने के मिशन में जुटे विधायक संजय सिंह



--राज कुमार साव
बाली-हावड़ा-पश्चिम बंगाल, इंडिया इनसाइड न्यूज।

बाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय सिंह इन दिनों क्षेत्र को स्वच्छ बनाने और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के अभियान में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह प्रतिदिन सुबह-सुबह अपने क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अपने नियमित निरीक्षण के दौरान श्री सिंह कभी जयसवाल हॉस्पिटल क्षेत्र तो कभी डॉन बॉस्को के आसपास पहुंचकर सफाई और जल निकासी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हैं। साथ ही समस्या वाले इलाकों में जाकर वह संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।

विधायक संजय सिंह आम लोगों को भी जागरूक करते हुए अपील कर रहे हैं कि नालियों में प्लास्टिक और अन्य कचरा न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या बढ़ जाती है। इसके साथ ही वह नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठक और संवाद कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों में जुटे हैं। क्षेत्रवासियों को कचरा-मुक्त और जलजमाव-मुक्त बाली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उनका यह अभियान लगातार जारी है।

■बाली विधायक संजय सिंह ने किया रक्तदान एवं अंगदान जागरूकता अभियान का समर्थन

हावड़ा के लिलुआ में आयोजित लिलुआ बुक फेयर फाउंडेशन के वॉलंटरी ब्लड डोनेशन कैंप, आई डोनेशन एवं बॉडी डोनेशन शपथ कार्यक्रम में बाली के विधायक संजय सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

विधायक श्री सिंह ने कहा कि रक्तदान, नेत्रदान और देहदान केवल दान नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग और जीवन बचाने की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए आगे आते हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मानव सेवा की यह शपथ अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान, नेत्रदान और देहदान जैसे पुण्य कार्यों के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प भी लिया। आयोजन को सामाजिक जागरूकता और मानवता की दिशा में एक सराहनीय पहल माना गया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10507